अलीगढ़ में बनेगा मायावती का मंदिर! शुरू हुई तैयारी, बस अनुमति का इंतजार

Mayawati Temple in Aligarh: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) को लेकर अलीगढ़ से एक अनोखी पहल सामने आई है। यहां उनके समर्थक ने मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को मायावती को पत्र भेजकर मंदिर निर्माण और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है। उनका कहना है कि अनुमति मिलते ही भूमि पूजन (Bhoomi Pujan) का काम शुरू कर दिया जाएगा।

केशव देव गौतम के मुताबिक, तहसील खैर के मोहल्ला खेरे में उनकी निजी जमीन है। इसी जमीन पर वह अपने खर्चे से मायावती का मंदिर (Mayawati Temple) बनवाना चाहते हैं।

उन्होंने साफ किया कि मंदिर निर्माण के लिए शासन या प्रशासन से किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी। उनके मुताबिक, यह मंदिर किसी राजनीतिक गतिविधि (Political Activity) का केंद्र नहीं होगा, बल्कि इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा।

मंदिर में मायावती की प्रतिमा (Mayawati Statue) के साथ उनके विचारों को भी जगह देने की बात कही गई है। अब सबकी नजर मायावती की ओर से मिलने वाली अनुमति पर है।

पहले भी अलग अंदाज में चर्चा में रहे हैं केशव देव गौतम

पंडित केशव देव गौतम इससे पहले भी अपने अनोखे प्रचार अभियानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जूतों की माला पहनकर प्रचार किया था।

वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग की ओर से उन्हें ‘चप्पल’ चुनाव चिन्ह (Election Symbol) आवंटित किया गया था। इसके बाद वह चप्पलों की माला पहनकर प्रचार करते नजर आए थे। अलीगढ़ सांसद पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी वह सुर्खियों में रहे हैं।

Also Read: Aligarh News: कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर महिला से कार में रेप, जेवर और 35 हजार भी लूटे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.