अमेरिका में नौकरी का सपना महंगा, अब H-1B Visa पर ट्रंप वसूलेंगे करीब 1 करोड़ की फीस!
H-1B visa: अमेरिका में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे भारतीयों समेत विदेशी प्रोफेशनल्स के लिए H-1B वीजा (H-1B Visa) और महंगा होने की संभावना है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने हर साल तय सीमा के भीतर आने वाले H-1B वीजा आवेदनों पर 1,03,265 डॉलर, यानी करीब 99 लाख रुपये, की अलग फीस लगाने का प्रस्ताव रखा है।
यह प्रस्ताव अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने जारी किया है और इसे सरकार की आधिकारिक वेबसाइट Federal Register में प्रकाशित किया गया है। खास बात यह है कि यह रकम मौजूदा आवेदन शुल्क के ऊपर अतिरिक्त रूप से लगाई जा सकती है।
किन H-1B आवेदनों पर लगेगी फीस?
प्रस्ताव के मुताबिक नई फीस उन H-1B आवेदनों पर लागू होगी, जो हर साल तय 85,000 वीजा सीमा (H-1B Cap) के भीतर आते हैं। इसमें नियमित श्रेणी के 65,000 वीजा और अमेरिकी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री या उससे ऊपर की डिग्री रखने वालों के लिए 20,000 अतिरिक्त वीजा शामिल हैं।
वहीं, सालाना सीमा से बाहर आने वाली कुछ श्रेणियों के H-1B आवेदनों पर यह नई फीस लागू नहीं होगी। यानी हर H-1B आवेदक से सीधे 99 लाख रुपये वसूले जाएंगे, ऐसा प्रस्ताव में नहीं कहा गया है।
H-1B वीजा आखिर है क्या?
H-1B Visa अमेरिकी कंपनियों को दूसरे देशों के ऐसे प्रोफेशनल्स को नौकरी पर रखने की अनुमति देता है, जिनके पास किसी खास क्षेत्र में जरूरी विशेषज्ञता होती है। इसका इस्तेमाल खास तौर पर IT, इंजीनियरिंग, मेडिकल, रिसर्च और फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में होता है।
अमेरिका हर साल सामान्य तौर पर 65,000 H-1B वीजा और अमेरिकी संस्थानों से एडवांस्ड डिग्री रखने वालों के लिए 20,000 अतिरिक्त वीजा जारी करता है। नई फीस का प्रस्ताव इसी सालाना कैप वाले आवेदनों को लेकर है।
Also Read: पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के पास खंभे हटे, दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर

