पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के पास खंभे हटे, दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर
India Pakistan Tension: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच नई दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर कार्रवाई की गई है। संबंधित एजेंसियों ने हाई कमीशन के वीजा सेक्शन के पास बनी कुछ अनधिकृत संरचनाओं और अतिक्रमण को बुलडोजर से हटा दिया। बताया गया कि ये ढांचे पाकिस्तानी मिशन के निर्धारित परिसर की सीमा से बाहर बने थे।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्ते पहले से बेहद तनावपूर्ण हैं। WION की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में हुई कार्रवाई को पाकिस्तान की ओर से इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर की गई हालिया कार्रवाई के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
इस्लामाबाद में भी हुई थी कार्रवाई
कुछ दिन पहले पाकिस्तान के अधिकारियों ने इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगे पार्किंग पोल हटा दिए थे। दोनों देशों के बीच तनाव के दौरान इस तरह के प्रशासनिक और जवाबी कदम पहले भी सामने आते रहे हैं।
भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद और गिरावट आई। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचों को निशाना बनाया था।
रिश्तों में अभी भी तनाव
ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, वीजा और सीमा संपर्क काफी सीमित हैं। भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि भी फिलहाल स्थगित रखी है। हालांकि दोनों देशों के DGMO के बीच साप्ताहिक फोन संपर्क जारी है।
भारत का कहना है कि पाकिस्तान के साथ सामान्य संबंध तभी संभव हैं, जब सीमा पार आतंकवाद पर ठोस कार्रवाई हो। ऐसे में दिल्ली की ताजा कार्रवाई को अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच जारी जवाबी कदमों की कड़ी के तौर पर भी देखा जा रहा है।

