मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क में विरोध तेज, मेयर ममदानी बोले- ‘मैं समर्थन नहीं करता’
Mohan Bhagwat New York program: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन (Madison Square Garden) में होने वाले कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) ने मंगलवार को साफ कहा कि वह इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते।
हालांकि, ममदानी ने यह भी कहा कि शहर प्रशासन के पास किसी निजी कार्यक्रम को रद्द कराने का अधिकार है या नहीं, इस बारे में वह निश्चित नहीं हैं। उन्होंने RSS की विचारधारा को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की और कहा कि वह ऐसे आंदोलन का विरोध करते हैं, जो उनके मुताबिक लोगों को अलग-थलग करने की सोच पर आधारित है।
29 अगस्त को 5 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद
मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) 25 अगस्त को अमेरिका पहुंचे हैं। उनका यह दौरा RSS के शताब्दी वर्ष के तहत चलाए जा रहे वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है। अमेरिका के बाद वह कनाडा और ब्रिटेन भी जाएंगे।
न्यूयॉर्क में 29 अगस्त को ‘Universal Oneness Celebrations’ कार्यक्रम में भागवत भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ यानी दुनिया एक परिवार है रखा गया है।
कई संगठनों ने भी जताया विरोध
भागवत के कार्यक्रम के विरोध में कई अंतरधार्मिक और नागरिक अधिकार संगठन भी सामने आए हैं। न्यूयॉर्क सिटी हॉल के बाहर हुए प्रदर्शन में हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (IAMC) और इंटरफेथ सेंटर ऑफ न्यूयॉर्क समेत कई संगठनों ने कार्यक्रम को मंच देने का विरोध किया।
विरोध करने वाले संगठनों का आरोप है कि RSS की विचारधारा भारत में अल्पसंख्यकों और बहुलतावाद को लेकर सवाल खड़े करती है। वहीं, RSS का कहना है कि Mohan Bhagwat का विदेश दौरा भारतीय मूल के लोगों और व्यापक समुदायों से संवाद बढ़ाने तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की अवधारणा को सामने रखने के उद्देश्य से हो रहा है।
Also Read: ‘पाकिस्तानी दिल से भारतीयों के दुश्मन नहीं’, भारत-पाक संबंधों पर मोहन भागवत का बड़ा बयान

