नेपाल में भोटेकोशी नदी ने तिमुरे और स्याब्रुबेसी में मचाई तबाही, बिहार के सीमावर्ती जिलों में भी बाढ़ का खतरा
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल के बागमती प्रदेश स्थित रसुवा (रासुवा) जिले के तिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। तिब्बत से नेपाल में प्रवेश करने वाली भोटेकोशी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से स्थानीय बाजारों, बुनियादी ढांचों और कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को भारी नुकसान पहुंचा है। रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी के अनुसार, पानी का स्तर असामान्य रूप से बहुत अधिक था, जिससे आसपास की दोनों बस्तियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा रसुवा के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना ने जानकारी दी है कि कस्टम परिसर में खड़े कई वाहन और सामान बाढ़ के तेज बहाव में बह गए हैं, वहीं हाल ही में बना एक नया पुल भी पानी में बह गया है।
भारत के सीमावर्ती जिलों तक हाई अलर्ट जारी
पहाड़ी नदियों के विकराल रूप को देखते हुए प्रशासन ने त्रिशूली और भोटेकोशी नदी के तटीय क्षेत्रों में बसे लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, गोरखा और चितवन जिलों के निवासियों से अगले आदेश तक अत्यधिक सतर्क रहने की अपील की है। भोटेकोशी नदी के उफान पर होने के कारण भारत के बिहार राज्य में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। विशेष रूप से बिहार के बगहा, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों से होकर बहने वाली नदियों के पास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और नदियों से दूर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
नेपाल में कुदरत का कहर,बाढ़ का खौफनाक वीडियो
उफान पर नदिया… दूर रहने की अपील
बड़ी संख्या में लोगों के बह जाने की सूचना हैं।
रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक बाढ़ आई। कई बाजार, गाँव सहित जलविद्युत परियोजनाएं भी चपेट में आई हैं। pic.twitter.com/JDN2yLHkeA— Shiva Gupta (@shivagu31125812) August 26, 2026
कई राजमार्ग भूस्खलन से ठप
काठमांडू के उत्तर-पूर्व में स्थित और तिब्बत सीमा से लगभग 125 किलोमीटर दूर रसुवा जिले में हालात काफी चिंताजनक बने हुए हैं। बीते कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण नेपाल की पहाड़ी नदियां उफान पर हैं और जगह-जगह भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से कई प्रमुख राजमार्ग और संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो चुके हैं। रसुवा जिला प्रशासन कार्यालय को जैसे ही भोटेकोशी नदी में जलस्तर अचानक बढ़ने की रिपोर्ट मिली, तुरंत निचले और तटीय इलाकों में चेतावनी जारी कर दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक लोग नदी तटों के पास जाने से बचें और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।
Also Read: उज्जैन महाकाल दर्शन को निकलीं यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की हादसे में मौत, मां ने भी तोड़ा दम

