40 हजार सालाना, मुफ्त बस यात्रा और छात्राओं को लैपटॉप, यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर कई बड़े चुनावी वादे किए हैं। सपा सांसद डिंपल यादव ने लखनऊ में ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस राशि में हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का भी वादा किया गया।

डिंपल ने कहा कि इंटरमीडिएट पास करने वाली हर छात्रा को लैपटॉप दिया जाएगा। स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को मेट्रो में मुफ्त यात्रा के लिए पास देने की बात भी कही गई।

26 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का दावा

सपा की महिला नेताओं ने प्रदेश में बंद किए गए करीब 26 हजार स्कूलों को दोबारा खोलने और गांवों में बंद हो रहे आंगनबाड़ी केंद्र शुरू करने का वादा किया। हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोलने की बात भी कही गई। महिलाओं को सरकारी स्कूलों में फीस से राहत और निजी स्कूलों में आधी फीस देने का दावा किया गया।

इसके साथ ही हर महिला को बस में मुफ्त सफर, विधवा और बेसहारा महिलाओं को लोहिया आवास देने तथा हर जिले में बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम खोलने की घोषणा हुई। सरकारी और निजी कार्यालयों में महिलाओं को महीने में दो दिन आकस्मिक अवकाश देने का भी वादा किया गया।

अखिलेश बोले- महिला आरक्षण लागू करे BJP

अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी के बिना प्रदेश की तरक्की अधूरी है। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए 1090 व्यवस्था को मजबूत करने और आपात स्थिति में डायल-100 पुलिस व्यवस्था शुरू करने की बात कही। साथ ही बीजेपी से अगले चुनाव से ही महिला आरक्षण लागू करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी जितनी महिलाओं को टिकट देगी, सपा उससे ज्यादा महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.