अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों से 300 ग्राम सोना जब्त

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को अहमदाबाद कस्टम्स अधिकारियों ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर तीन अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आए यात्रियों को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों के पास से छुपाकर लाई जा रही कुल 299.490 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की। जब्त की गई ज्वेलरी में 240.090 ग्राम 24-कैरेट और 59.400 ग्राम 22-कैरेट सोना शामिल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत 49,23,602 रुपये आंकी गई है।

अबू धाबी, शारजाह और कुवैत से आए यात्रियों पर शिकंजा

कस्टम्स के अनुसार पहला मामला अबू धाबी से आई एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट (EY-246) का है, जहां एक महिला यात्री से 16.72 लाख रुपये मूल्य की 100.060 ग्राम 24-कैरेट सोने की दो चेन बरामद हुईं। दूसरे मामले में शारजाह से एयर अरेबिया की उड़ान (G9-418) से आए एक दंपति को रोका गया, जिनसे 23.41 लाख रुपये की 140.030 ग्राम 24-कैरेट सोने की चार चूड़ियां और दो चेन मिलीं। तीसरे मामले में कुवैत एयरवेज (KU-347) से आई महिला यात्री के पास से 9.09 लाख रुपये मूल्य के 59.400 ग्राम 22-कैरेट सोने के जेवरात (नेकलेस, झुमके, अंगूठी व पेंडेंट चेन) जब्त किए गए।

यह पूरी जब्ती कस्टम्स एक्ट, 1962 के विभिन्न प्रावधानों के तहत अंजाम दी गई है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही अहमदाबाद कस्टम्स की एआईयू टीम ने शारजाह से आई एक अन्य महिला यात्री को उसके हाई-नेक स्वेटर में 499.540 ग्राम 24-कैरेट सोने की चेन छुपाकर लाते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद कस्टम्स विभाग ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी है और पकड़े गए सभी यात्रियों के खिलाफ आगे की कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी है।

Also Read: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस में पीछे से घुसा ट्रक, 3 यात्रियों की मौत, 11 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.