पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस में पीछे से घुसा ट्रक, 3 यात्रियों की मौत, 11 घायल
Sultanpur News Road Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में गुरुवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (Purvanchal Expressway) पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र के टेरी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने गुड़गांव से बिहार जा रही निजी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सीएचसी बल्दीराय (CHC Baldirai) ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कुमारगंज के पीठला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले तीन यात्रियों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना के बाद Purvanchal Expressway पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Also Read: मावे में मिलाया जा रहा था सेलखड़ी-वनस्पति! रक्षाबंधन से पहले मुजफ्फरनगर में 10 क्विंटल मावा नष्ट

