अखिलेश यादव के 40 हजार रुपये देने के वादे पर भड़के मौलाना रजवी, बोले- सीएम रहते 40 पैसे भी दिए हों तो बताएं

Bareilly News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सत्ता में आने पर महिलाओं को स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के तहत 40 हजार रुपये सालाना देने के वादे पर सियासत गरमा गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने इस ऐलान को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला है।

मौलाना ने महिलाओं से अपील की है कि वे ऐसे चुनावी वादों के झांसे में न आएं और सोच-समझकर फैसला लें। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने किसी महिला को 40 हजार रुपये तो दूर, 40 पैसे भी दिए हों तो उसका हिसाब दें।

सपा में मुसलमानों का काम सिर्फ दरी बिछाना

मौलाना रजवी ने मुस्लिम वोट बैंक के मुद्दे पर भी सपा नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने अखिलेश यादव और उनके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को बार-बार सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन इसके बावजूद मुस्लिम समुदाय के कल्याण के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया। पार्टी के भीतर मुसलमानों की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में मुस्लिम समाज की भूमिका अब केवल ‘कुर्सी लगाने और दरी बिछाने’ तक सीमित कर दी गई है।

Also Read: लखनऊ से बनारस-प्रयागराज-बहराइच का सफर होगा आसान, जल्द दौड़ेंगी 20 एसी इलेक्ट्रिक बसें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.