Bareilly: BJP मेयर के रक्षाबंधन कार्यक्रम में भगदड़! 20 हजार की भीड़, गर्मी-धक्कामुक्की से कई महिलाएं बेहोश

Bareilly News: बरेली क्लब ग्राउंड में बीजेपी मेयर डॉ. उमेश गौतम (Umesh Gautam) की ओर से आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में गुरुवार को भारी भीड़ के चलते हालात बिगड़ गए। कार्यक्रम में 20 हजार से ज्यादा महिलाओं के पहुंचने का दावा किया गया था। सुबह 10 बजे से महिलाओं का आना शुरू हुआ और करीब 11 बजे तक मैदान पूरी तरह भर गया।

भीषण गर्मी और उमस के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं, जबकि कुछ को चोटें भी आईं। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से बेहोश और घायल महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया।

मंच के पास बढ़ा भीड़ का दबाव

हालात बिगड़ते देख मेयर डॉ. उमेश गौतम ने भीड़ को अलग-अलग जगह बांटने की कोशिश की। बताया गया कि उन्होंने अपने बेटे पार्थ गौतम को मुख्य गेट की तरफ भेजा, ताकि वहां भी महिलाओं से राखी बंधवाई जा सके। इसके बावजूद मंच के पास भीड़ का दबाव कम नहीं हुआ।

कार्यक्रम स्थल पर कई बच्चे भीड़ में बिछड़ गए। उन्हें खोजने के लिए मंच से लगातार अनाउंसमेंट कराया गया। मैदान में टूटी चूड़ियां, चप्पल और अन्य सामान बिखरा नजर आया। एक बुजुर्ग महिला ने दावा किया कि भीड़ में एक बच्ची दब गई थी, जिसे करीब पांच मिनट बाद बाहर निकाला गया।

महिलाओं ने सुनाई आपबीती, व्यवस्था पर सवाल

कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं ने भीड़ को लेकर सवाल उठाए। एक महिला ने बताया कि भीड़ में उसका हाथ खींचा गया और धक्का-मुक्की के दौरान चप्पल व बिछिया तक निकल गई। एक अन्य महिला ने बताया कि भीड़ के दबाव में उसका बच्चा नीचे गिरते-गिरते बचा, जबकि उसकी सास बेहोश हो गईं।

उपहार बांटने के दौरान भी भीड़ का दबाव बढ़ गया। कुछ महिलाओं ने मोबाइल, नकदी और चेन चोरी होने का आरोप भी लगाया।

CMO विश्राम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं के बेहोश और घायल होने की सूचना मिलने पर तुरंत एंबुलेंस भेजी गई। एक बेहोश महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। महिला को हल्की चोटें भी लगी थीं।

Also Read: स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर दिया भाईचारे और महिला सशक्तिकरण का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.