वाल्मीकि घोटाले में घिरे कर्नाटक के मंत्री बी नागेंद्र ने दिया इस्तीफा, बोले- ‘दलित हूं इसलिए निशाना बनाया’
Karnataka Minister B. Nagendra Resign: कर्नाटक की डीके शिवकुमार सरकार में योजना एवं सांख्यिकी मंत्री बी. नागेंद्र ने शुक्रवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम घोटाले (Valmiki Corporation Scam) को लेकर विपक्ष के लगातार दबाव और उनके खिलाफ बढ़ती जांच के बीच नागेंद्र ने यह फैसला लिया।
इस्तीफे का ऐलान करते हुए नागेंद्र भावुक नजर आए। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि निगम के लेनदेन में कहीं भी उनके हस्ताक्षर नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह दलित समुदाय से आते हैं।
‘मेरे खिलाफ रोज 1000 झूठ फैलाए जा रहे’
बी. नागेंद्र (B Nagendra) ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके खिलाफ रोजाना हजार झूठ फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले में बैंकों की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि अगर बैंक भी लेनदेन में शामिल थे तो इस पर केंद्रीय वित्त मंत्री से सवाल क्यों नहीं किया जाता।
नागेंद्र का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब BJP और JD(S) लगातार उनकी कैबिनेट में वापसी का विरोध कर रहे थे। वह पहले भी इसी घोटाले को लेकर मंत्री पद छोड़ चुके थे। इसके बाद 3 अगस्त 2026 को उन्हें दोबारा कर्नाटक कैबिनेट में शामिल किया गया और योजना एवं सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई।
89 करोड़ से ज्यादा के कथित घोटाले से जुड़ा मामला
वाल्मीकि निगम में वित्तीय अनियमितताओं का मामला मई 2024 में सामने आया था। निगम के लेखा अधीक्षक पी. चंद्रशेखरन की आत्महत्या के बाद कथित अनधिकृत लेनदेन का खुलासा हुआ था। जांच में करीब 89 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया और इसने कर्नाटक की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया।
उस समय B Nagendra जनजातीय कल्याण मंत्री थे और उन्होंने जून 2024 में इस्तीफा दिया था। बाद में जांच आगे बढ़ी और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग फिर तेज हुई। अब उनकी दोबारा कैबिनेट में वापसी के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग शुरू कर दी थी।
नागेंद्र के इस्तीफे से कर्नाटक की राजनीति में वाल्मीकि निगम घोटाले (Valmiki Corporation Scam) को लेकर सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।
Also Read: चिराग पासवान ने UP के लिए कसी कमर, सितंबर में प्रयागराज से करेंगे चुनावी अभियान का आगाज

