Asian Games 2026: ड्रेसिंग रूम और वॉशरूम की व्यवस्था से BCCI नाराज, स्टार खिलाड़ियों की टीम पर संकट
Sports News: जापान के ऐची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट वेन्यू पर खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम और वॉशरूम जैसी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था से बोर्ड संतुष्ट नहीं है।
ऐसे में BCCI अपनी घोषित टीमों में बदलाव कर सकता है और स्टार खिलाड़ियों की जगह दूसरे दर्जे की टीम भेजने पर विचार किया जा सकता है।
एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट के मुकाबले 17 से 22 सितंबर तक और पुरुष क्रिकेट के मैच 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।
भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी प्रमुख एशियाई टीमें भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
टेंट को बनाया जा रहा ड्रेसिंग रूम
रिपोर्ट में BCCI सूत्र के हवाले से बताया गया है कि ऐची-नागोया के क्रिकेट वेन्यू पर खिलाड़ियों के तैयार होने के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं।
इन्हीं टेंट का इस्तेमाल ड्रेसिंग रूम के तौर पर किया जाएगा। वहीं खिलाड़ियों के लिए बने वॉशरूम इन टेंट से करीब 500 मीटर दूर बताए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों के ठहरने के लिए उपलब्ध होटल भी छोटे होने की बात सामने आई है।

पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
BCCI ने इन व्यवस्थाओं को लेकर अपनी आपत्ति एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में जापान ओलंपिक कमेटी के सामने रखी है।
अब बोर्ड जल्द ही एक पर्यवेक्षक को जापान भेजेगा, जो वेन्यू और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेगा।
उसकी रिपोर्ट के आधार पर टीम में बदलाव को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
स्टार खिलाड़ियों से सजी है भारतीय टीम
फिलहाल घोषित पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
वहीं, महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है और इसमें स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
अगर वेन्यू की सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ, तो BCCI महिला और पुरुष दोनों टीमों में बदलाव कर सकती है।
इससे एशियन गेम्स में भारत की स्टार खिलाड़ियों वाली टीम के खेलने पर सवाल खड़ा हो गया है।

