प्रयागराज में स्वामी नारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, टला बड़ा हादसा

Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में देर रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध स्वामी नारायण मंदिर परिसर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढह गया। इमारत मंदिर के पीछे खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ।

इमारत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। दहशत में कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात रही कि जिस समय यह हिस्सा गिरा, वहां कोई श्रद्धालु या कर्मचारी मौजूद नहीं था।

बारिश के बाद कमजोर हुई नींव?

जानकारी के अनुसार, मंदिर के पीछे पिछले 3-4 महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए काफी गहरा गड्ढा खोदा गया था। लगातार बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था। पानी भरने के चलते फिलहाल निर्माण कार्य भी बंद था।

आशंका है कि गड्ढे और पानी के कारण इमारत की नींव के नीचे की मिट्टी खिसक गई। इससे नींव कमजोर हो गई और देर रात तीन मंजिला हिस्सा दबाव नहीं झेल सका। इसके बाद पूरी संरचना गड्ढे में समा गई।

धर्मशाला के तौर पर होता था इस्तेमाल

मंदिर के सुरक्षा गार्ड सूबेदार सिंह ने बताया कि यहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनमें दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालु भी काफी होते हैं। ढहा हुआ हिस्सा धर्मशाला था, जहां बाहर से आए श्रद्धालु रुकते थे। हादसे के समय कमरे खाली थे।

घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अब निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन तकनीकी जांच कराएगा। इससे हादसे की असली वजह और सुरक्षा नियमों के पालन की स्थिति साफ होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.