एसडीएम की बेटी को लगा एक्सपायरी इंजेक्शन, दो स्वास्थ्यकर्मी निलंबित

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एसडीएम की बेटी को एक्सपायरी पैरासिटामोल इंजेक्शन लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में स्टोर प्रभारी अरविंद कुमार शुक्ला और फार्मासिस्ट देव कुमार दुबे को निलंबित कर दिया गया है।

दो स्वास्थ्यकर्मी निलंबित, लेकिन उठे कई सवाल

विभागीय आदेश के मुताबिक, स्टोर प्रभारी अरविंद कुमार शुक्ला पर एक्सपायरी इंजेक्शन जारी करने का आरोप है। वहीं फार्मासिस्ट देव कुमार दुबे पर इंजेक्शन लगाने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट की जांच नहीं करने का आरोप लगाया गया है। दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए निलंबन किया गया है।

हालांकि, कार्रवाई के बाद भी सवाल उठ रहा है कि आखिर एक्सपायरी दवाएं अस्पताल के स्टोर में रखी ही क्यों थीं। दवाओं की जांच और उन्हें समय पर अलग करने की व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी थी, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्या दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों में भी हैं एक्सपायरी दवाएं?

मामले ने जिले के दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य इकाइयों में दवाओं के रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह जांच का विषय है कि कहीं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी एक्सपायरी दवाएं तो मौजूद नहीं हैं या उनका इस्तेमाल तो नहीं हो रहा है।

इस मामले में इसलिए भी चर्चा है क्योंकि जिस मरीज को एक्सपायरी इंजेक्शन लगाया गया, वह लालगंज के उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह की बेटी थी। मामला सामने आने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई की।

आम मरीज के साथ ऐसा होता तो क्या इतनी तेजी से कार्रवाई होती?

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर यही एक्सपायरी इंजेक्शन किसी सामान्य या गरीब मरीज को लगाया गया होता, तो क्या स्वास्थ्य विभाग इतनी ही तेजी से कार्रवाई करता? क्या आम मरीज की शिकायत को भी इसी गंभीरता से लिया जाता?

मामला सिर्फ दो कर्मचारियों की लापरवाही तक सीमित नहीं है। एक्सपायरी दवा का अस्पताल में मौजूद होना दवाओं के रखरखाव और स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल पर भी सवाल खड़े करता है। अब जरूरत इस बात की है कि जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी दवाओं के स्टॉक की जांच की जाए, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा सामने न आए।

रिपोर्ट : विनोद मिश्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.