‘सनातन की बात करने पर हिंदू ही चढ़ बैठते हैं’, राजा भैया ने की एकजुटता की अपील
Raghuraj Pratap Singh: पूर्व कैबिनेट मंत्री और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने हिंदुत्व और सनातन धर्म को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब कोई मुसलमान इस्लाम की बात करता है तो पूरा मुस्लिम समाज उसके समर्थन में खड़ा होता है, लेकिन जब कोई हिंदू सनातन या हिंदुत्व की बात करता है तो अपने ही लोग उसका विरोध करने लगते हैं।
राजा भैया ने कहा कि हिंदू समाज में ऐसी सोच नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सनातन धर्म के प्रति जागरूक रहने और एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उनके इस बयान ने सियासी हलकों में चर्चा छेड़ दी है।
‘सनातन की बात करने वाले पर हिंदू ही चढ़ बैठते हैं’
राजा भैया मंगलवार को उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र के गौरी गांव में आयोजित शिवदीप शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी में हुए इस धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने सनातन धर्म, हिंदुत्व और हिंदू समाज की एकता पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा, “अगर कोई हिंदू सनातन की बात करता है तो हिंदू ही चढ़ बैठते हैं।” मुसलमानों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इस्लाम की बात करने वाले व्यक्ति का पूरा मुस्लिम समाज समर्थन करता है, जबकि हिंदुत्व की बात करने वाले हिंदू को अपने ही लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता है।
राजा भैया ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों को कहा जाता है कि वे खुद को बड़ा हिंदू समझते हैं और दूसरों को हिंदुत्व का पाठ पढ़ाने लगते हैं। उन्होंने हिंदू समाज को इस मानसिकता से दूर रहने की सलाह दी।
‘हिंदुत्व के बिना भारत की कल्पना नहीं’
अपने संबोधन में राजा भैया ने कहा कि हिंदुत्व के बिना भारत और भारत के बिना हिंदुत्व की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि भारत संवैधानिक राष्ट्र तभी तक बना रहेगा, जब तक यहां हिंदू बहुसंख्यक हैं।
उन्होंने सनातन धर्म को मजबूत बनाने के लिए हिंदू समाज से एकजुट और जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आपसी सहयोग बनाए रखने की बात कही।
राजा भैया ने धार्मिक आयोजनों को भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का माध्यम बताया। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
मनोज तिवारी ने भजनों से बांधा समां
इस आयोजन में दिल्ली के सांसद और भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। उन्होंने भगवान शिव, श्रीराम और सनातन परंपरा से जुड़े भजन सुनाए। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
वहीं कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने शिव महापुराण के प्रसंगों के जरिए लोगों को निर्मल मन से भगवान शिव की आराधना करने का संदेश दिया। उन्होंने आडंबर से दूर रहने और जीवन में मेहनत व सदाचार अपनाने की सीख भी दी।

