गोरखपुर में 10वीं की छात्रा ने स्कूल प्रबंधक के बेटे पर लगाया रेप का आरोप, पढ़ाई का लालच देकर किया शारीरिक शोषण

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 15 साल की छात्रा ने स्कूल प्रबंधक के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती है। उसका आरोप है कि आरोपी प्रतीक त्रिपाठी ने उसे शहर के अच्छे स्कूल में पढ़ाने और पूरा खर्च उठाने का लालच दिया। इसके बाद वह उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

छात्रा के मुताबिक, आरोपी उसे धमकाता भी था। आरोप है कि छुट्टी के बाद वह उसे अपने केबिन में बुलाता था। उसकी बात नहीं मानने पर फेल करने की धमकी देता था। छात्रा का दावा है कि इसी दबाव में उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए।

मना किया तो गाली देने और ऑडियो वायरल करने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि बाद में उसने आरोपी की बात मानने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की। छात्रा का आरोप है कि फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा अपने पिता के साथ गोला थाने पहुंची। उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने शुक्रवार को छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रेप, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.