Lucknow News: ‘जय हिंद सर, सब कंट्रोल में है’ से नहीं बचेगी कुर्सी, अब नंबर तय करेंगे थाना प्रभारियों की रैंकिंग

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में पुलिसिंग की समीक्षा का तरीका अब और सख्त होता नजर आ रहा है।

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा की क्राइम मीटिंग में इस बार सिर्फ अपराध के आंकड़ों की समीक्षा नहीं हुई, बल्कि थाना प्रभारियों के कामकाज का भी मूल्यांकन किया गया।

इसके लिए सभी कोतवाल और थाना प्रभारियों को एक फॉर्म दिया गया, जिसमें उनकी कार्यशैली को अलग-अलग मानकों पर अंक दिए गए।

बैठक में डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और इंस्पेक्टर समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

थाना प्रभारियों के प्रदर्शन का आकलन कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जैसे प्रमुख बिंदुओं पर किया गया।

अब अंकों से तय होगी रैंकिंग

थाना प्रभारियों को दिए गए फॉर्म में उनके नाम के सामने प्रदर्शन के आधार पर अंक दर्ज किए गए। अब इन्हीं अंकों के आधार पर थानों और उनके प्रभारियों की रैंकिंग तैयार की जाएगी।

इसका मकसद पुलिसिंग में जवाबदेही बढ़ाना और यह पता लगाना है कि किस थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण की स्थिति बेहतर है।

यानी अब सिर्फ बैठक में यह बताना पर्याप्त नहीं होगा कि इलाके में सब कुछ नियंत्रण में है, बल्कि जमीनी कामकाज भी महत्वपूर्ण होगा।

खराब प्रदर्शन पर बदल सकती है जिम्मेदारी

रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को प्रोत्साहित किया जा सकता है, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

खराब रैंकिंग की स्थिति में तबादले या जिम्मेदारी में बदलाव जैसे फैसले भी लिए जा सकते हैं।

इस पूरी कवायद से थाना प्रभारियों पर अपने क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग का दबाव बढ़ेगा।

अब उनकी कार्यशैली का मूल्यांकन सिर्फ अपराध के आंकड़ों से नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन समेत कई मानकों पर किया जाएगा।

‘कुर्सी’ से ज्यादा जरूरी होगा प्रदर्शन

पुलिस कमिश्नर की इस पहल से साफ है कि थाना प्रभारियों के कामकाज पर अब ज्यादा बारीकी से नजर रखी जाएगी।

आने वाले दिनों में तैयार होने वाली रैंकिंग से यह सामने आएगा कि कौन सा थाना बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और किन थानों में सुधार की जरूरत है।

यानी अब पुलिस महकमे में संदेश साफ है—सिर्फ कुर्सी संभालना नहीं, प्रदर्शन भी दिखाना होगा।

रिपोर्ट- राजा शेख

Also Read: प्रयागराज में उफान पर गंगा-यमुना, लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचा जल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.