PM मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने किया सम्मानित
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ओली दाराजाली दुस्तलिक से नवाजा गया है। रविवार को आयोजित एक विशेष समारोह में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने खुद अपने हाथों से पीएम मोदी को यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया। सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं इस सर्वोच्च सम्मान को पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं और दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती और साझा विरासत को समर्पित करता हूं। उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की दूरदर्शी लीडरशिप और भारत के प्रति उनकी प्रगाढ़ मित्रता की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते अब एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी का नया स्तर हासिल कर चुके हैं।
पीएम मोदी ने उज्बेक जनता को दिया भरोसा
प्रधानमंत्री ने इस भावुक क्षण पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पुरस्कार जहां एक ओर गौरव और सम्मान लेकर आता है, वहीं दूसरी तरफ वह अपने साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी लाता है। उन्होंने उज्बेकिस्तान की ऐतिहासिक धरती से वहां के नागरिकों को आश्वस्त किया कि भारत अपनी इस मित्रता और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएगा तथा कभी पीछे नहीं हटेगा। इस दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव द्वारा द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए तैयार की गई विशेष कार्ययोजना और प्रोजेक्ट्स की टाइमलाइन वाली पुस्तक की भी सराहना की।
VIDEO | During his official visit to Uzbekistan, Prime Minister Narendra Modi (@narendramodi) was conferred upon the ‘Oliy Darajali Do’stlik’ Order by President Mirziyoyev in Tashkent. The PM dedicated the award to the enduring bond between India and Uzbekistan.
(Source:… pic.twitter.com/xWQMcQpDsq
— Press Trust of India (@PTI_News) August 30, 2026
यूरेनियम आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक समझौता
प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच हुए महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के आपसी सहयोग को नई दिशा देने के लिए ‘विदेश मंत्री स्तर पर समन्वय परिषद’ का गठन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, द्विपक्षीय संयुक्त आयोग के स्तर को सचिव से बढ़ाकर मंत्री स्तर का कर दिया गया है। ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए दोनों देशों ने यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक समझौता करने का निर्णय लिया है।
द्विपक्षीय संबंधों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए तीन ‘सिस्टर-सिटी’ और ‘सिस्टर-स्टेट’ समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उज्बेकिस्तान के ‘न्यू ताशकंद’ जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स और भारत की ‘GIFT सिटी’ की तर्ज पर तकनीक और अनुभवों को साझा किया जाएगा, जिसके लिए उज्बेक प्रतिनिधिमंडल भारत का दौरा करेगा। वहीं, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज डिजिटलाइजेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अंतरिक्ष अनुसंधान में अद्भुत प्रगति कर रहा है, जिसे देखकर भारत का मित्र होने के नाते उज्बेकिस्तान को गर्व है।

