BITS पिलानी में एडमिशन के नाम पर लखनऊ के डॉक्टर से ठगे 46 लाख, पुलिस ने DTU छात्र को एयरपोर्ट से दबोचा

Lucknow Cyber Fraud: प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज BITS पिलानी (BITS Pilani) में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर लखनऊ के एक डॉक्टर से 46 लाख रुपये ठगने के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी एजुकेशन कंसल्टेंसी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी यशराज बाजपेई (21) लखनऊ एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर शहर से बाहर जाने की तैयारी में था। इसी दौरान साइबर क्राइम पुलिस ने उसे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Lucknow Airport) से दबोच लिया। उसके पास से 40,225 रुपये नकद, एप्पल मैकबुक प्रो, तीन मोबाइल फोन, पांच डेबिट/एटीएम कार्ड और दो सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

बेटी के एडमिशन के नाम पर 46 लाख उड़ाए

एल्डिको टाउनी, IIM रोड निवासी डॉ. किरन चौबे ने 20 अगस्त को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी कंसल्टेंसी की आईडी बनाकर आरोपियों ने खुद को उसका प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी बताया।

आरोपियों ने डॉक्टर की बेटी का BITS पिलानी में एडमिशन (Engineering Admission) कराने का भरोसा दिया। इसके बाद एडमिशन फीस, रजिस्ट्रेशन और दूसरी फीस के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। सीट पक्की कराने के नाम पर नकद पैसे भी लिए गए।

ठगी का भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने फर्जी एडमिशन लेटर, फीस रसीद और दूसरे कूटरचित दस्तावेज भी भेजे। इस तरह ऑनलाइन और नकद मिलाकर डॉक्टर से कुल 46 लाख रुपये ठग लिए गए।

DTU का बीटेक छात्र निकला आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को यशराज बाजपेई के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने उसे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी कथित संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, यशराज दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर फर्जी एजुकेशन कंसल्टेंसी बनाकर छात्रों और उनके परिजनों को प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन दिलाने का झांसा देता था। इसके बाद फर्जी दस्तावेज भेजकर भरोसा कायम किया जाता और रकम अलग-अलग खातों में मंगाई जाती थी।

Lucknow ADCP क्राइम किरण यादव ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और ऐसे दूसरे मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को इसी तरीके से अपना शिकार बनाया है।

Also Read: हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह की हत्या, 3 दिन बाद लखनऊ के दुबग्गा से मिला शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.