दिल्ली में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 47.7 लाख वोटर लिस्ट से बाहर, देखें आंकड़े

Delhi SIR: चुनाव आयोग ने दिल्ली में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली की पिछली सूची में दर्ज करीब 1.45 करोड़ वोटरों में से 47.7 लाख नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं हैं। वहीं, करीब 97.5 लाख वोटरों को ड्राफ्ट सूची में जगह मिली है।

चुनाव आयोग के मुताबिक SIR का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता को सूची से बाहर नहीं रखना है। साथ ही अयोग्य मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाना है।

30 सितंबर तक दे सकते हैं दावा

जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं आया है, उन्हें अपना दावा पेश करने का मौका दिया गया है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, ऐसे लोग 30 सितंबर तक फॉर्म-6 और जरूरी दस्तावेजों के साथ दावा दर्ज करा सकते हैं।

दावों और आपत्तियों की जांच के बाद नोटिस और निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को जारी की जाएगी।

47.7 लाख वोटर ASDDO कैटेगरी में

आयोग के अनुसार दिल्ली में घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म जुटाने और उन्हें डिजिटाइज करने की प्रक्रिया 30 जून से 17 अगस्त तक चली। कुल 1,45,10,299 वोटरों में से करीब 67.18 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए गए।

बाकी करीब 47.7 लाख वोटरों को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और अन्य (ASDDO) श्रेणी में रखा गया। इन्हें ‘जानकारी न मिल पाने वाले’ यानी uncollectable के तौर पर दर्ज किया गया है। इसी वजह से इनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.