यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मायावती ने ली 75 जिलों के अध्यक्षों की बैठक

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ कमेटियों के पुनर्गठन, संभावित प्रत्याशियों के चयन और आर्थिक मजबूती पर गहन मंथन किया गया।

चुनावी स्वार्थ के लिए बांटी जा रहीं रेवड़ियां, जनता को करें जागरूक

मायावती ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले वोटों के स्वार्थ के लिए महिलाओं व अन्य वर्गों को निजी लाभ वाली ‘रेवड़ियों’ और लुभावने वादों से प्रभावित करने का खेल चल रहा है। सरकार बनने के बाद ऐसे वादों से मुकर जाया जाता है, इसलिए यूपी की जनता को इन चुनावी हथकंडों से सतर्क करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निष्पक्ष मतदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

कानून का राज स्थापित करना लक्ष्य

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि विरोधी दलों के छल, प्रलोभन और दबाव का मुकाबला करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। बसपा का मुख्य ध्येय उत्तर प्रदेश में ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत पर ‘कानून द्वारा कानून का राज’ स्थापित करना है। उन्होंने सरकारी घोषणाओं को ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ बताते हुए महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और पलायन जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई।

9 अक्टूबर को कांशीराम परिनिर्वाण दिवस की तैयारी

बैठक में संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के चयन को लेकर सामाजिक समीकरणों पर चर्चा हुई। कई सीटों पर प्रभारियों की घोषणा की जा चुकी है, जबकि शेष सीटों पर नाम तय करने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, 9 अक्टूबर को बसपा संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने और कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Also Read: दिल्ली में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 47.7 लाख वोटर लिस्ट से बाहर, देखें आंकड़े

Get real time updates directly on you device, subscribe now.