कौशांबी में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, 7 लोगों की मौतों, कई घर ढहे
Kaushambi Blast: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार सुबह पटाखा गोदाम में जोरदार विस्फोट हुआ। हादसा कौशांबी-प्रयागराज सीमा के पास पिपरी और पूरामुफ्ती क्षेत्र की सीमा पर बताया जा रहा है। घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
धमाके की चपेट में आसपास के कई मकान आ गए। कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कुछ पूरी तरह ढह गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
राहत-बचाव में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कौशांबी के डीएम और एसपी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। कई थानों की पुलिस फोर्स और दमकल की गाड़ियां राहत कार्य में जुटी हैं।
विस्फोट वाली जगह पर अभी भी पटाखे फटने की बात सामने आई है। इसके कारण बचाव दल को भी सावधानी से काम करना पड़ रहा है। ग्रामीण भी मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं। 7 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि दर्जनभर से अधिक लोगों के झुलसने या मलबे में दबने की बात कही जा रही है। हालांकि, प्रशासन ने अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
भारी मात्रा में बारूद रखने पर सवाल
इतने बड़े धमाके के बाद गोदाम में रखे बारूद की मात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार लाइसेंस में 10 किलो से अधिक बारूद रखने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में भारी मात्रा में बारूद रखे जाने की आशंका की जांच होगी।
फिलहाल पुलिस और अन्य जांच टीमें विस्फोट के कारणों और गोदाम के संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।

