अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, STF को बताया ‘स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है। इसके बावजूद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सोमवार, 31 अगस्त को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने योगी सरकार पर कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और एनकाउंटर को लेकर कई आरोप लगाए।

जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की बैठक के बाद अखिलेश ने कहा कि PDA समाज के लोगों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग में फील्ड पोस्टिंग और छुट्टी से जुड़ी दिक्कतों का भी दावा किया। अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर इन मामलों की जांच कराई जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति देखकर फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। STF को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए इसे “स्वजातीय टॉर्चर फोर्स” बताया। उन्होंने बदायूं में राजेश कोरी की पुलिस कस्टडी में मौत का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश ने दावा किया कि यूपी कस्टोडियल डेथ के मामलों में नंबर-1 होता जा रहा है।

AI वीडियो और बाढ़ को लेकर भी हमला

अखिलेश ने अपने और डिंपल यादव के AI वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे “बच्चों के खेल” नहीं करने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी भी एक AI वीडियो जारी कर रही है।

बाढ़ को लेकर उन्होंने चित्रकूट, बांदा और प्रयागराज का मुद्दा उठाया। प्रयागराज में हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद खराब स्थिति का दावा करते हुए उन्होंने सांसद रवि किशन पर तंज कसा कि “कुछ लोगों को गोरखपुर वेनिस नजर आता है।”

SIR पर जताई चिंता, PDA सरकार का लक्ष्य

वोटर लिस्ट के SIR पर अखिलेश ने कहा कि चुनाव से पहले फिर रिवीजन कराया जा सकता है। उन्होंने वोटों को “एडजस्ट” करने की आशंका जताई और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को कहा।

उन्होंने बताया कि सपा बूथ स्तर पर अभियान शुरू करेगी। अगले दो सप्ताह में पार्टी नेता प्रदेश में अत्याचारों के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। अखिलेश ने कहा कि सपा का लक्ष्य PDA की सरकार बनाना है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.