जोमैटो ने नकली डेयरी प्रोडक्ट वाले व्यंजनों पर लगाई रोक, मेन्यू से हटाए गए आइटम
Sandesh Wahak Digital Desk: खाद्य पदार्थों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने सख्त रुख अपनाया है। कंपनी ने अपने ऐप पर लिस्टेड रेस्टोरेंट द्वारा एनालॉग डेयरी (कृत्रिम या मिलावटी डेयरी) उत्पादों से तैयार डिश बेचने पर जीरो-टॉलरेंस नीति लागू कर दी है। इसके तहत एनालॉग डेयरी से बने सभी खाद्य पदार्थों को प्लेटफॉर्म से तुरंत हटा दिया गया है। जोमैटो ने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को हिदायत दी है कि वे केवल प्राकृतिक डेयरी उत्पादों का उपयोग करें या फिर ऐसे आइटम्स को मेन्यू से बाहर करें। शर्तों का पालन न करने वाले रेस्टोरेंट को ऐप से ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
FSSAI और राज्य अथॉरिटी की कार्रवाई के बाद फैसला
यह कदम खाद्य नियामक FSSAI और महाराष्ट्र एफडीए (FDA) की सख्त कार्रवाई के बाद उठाया गया है। हाल ही में लैब जांच के दौरान पनीर के 35% से अधिक सैंपल में वेजिटेबल-फैट (वनस्पति घी) की मिलावट पाई गई थी, जिसके बाद नकली पनीर के उत्पादन और बिक्री पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
जोमैटो के सीईओ आदित्य मंगला के अनुसार, कंपनी का मूल उद्देश्य ग्राहकों तक शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाना पहुंचाना है। रेस्टोरेंट पार्टनर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे सप्लायर्स से मिलने वाले सामान के लेबल और इंग्रीडिएंट्स की सही जांच करें ताकि डिलीवरी ऐप पर प्रदर्शित जानकारी शत-प्रतिशत सटीक हो।
Also Read: पानी के संकट और बढ़ती कीमतों पर दिल्ली में बड़ी बैठक, PM मोदी कर सकते हैं अध्यक्षता

