पानी के संकट और बढ़ती कीमतों पर दिल्ली में बड़ी बैठक, PM मोदी कर सकते हैं अध्यक्षता
Jal Jeevan Mission: सूखे और पानी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की चिंता बढ़ी है। इसी बीच 1 और 2 सितंबर को दिल्ली में हाईलेवल बैठक होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 सितंबर को बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। वहीं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल 1 सितंबर को बैठक करेंगे।
बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और जल मंत्री शामिल हो सकते हैं। इसमें जल जीवन मिशन और हर घर नल जल योजना की प्रगति पर चर्चा होगी। राज्यों में योजनाओं के काम में आ रही दिक्कतों और उनकी जरूरतों पर भी मंथन किया जाएगा।
सूखे और पेयजल संकट पर भी चर्चा
हाल के दिनों में कई राज्यों में सूखे के कारण पानी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। पानी से जुड़ी कीमतों में बढ़ोतरी भी सरकार के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में बैठक में सूखे की स्थिति और राज्यों में पेयजल आपूर्ति की चुनौतियों पर चर्चा हो सकती है।
राज्यों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी भी ली जा सकती है। इसमें अब तक हुए काम, बाकी परियोजनाओं और उनके सामने आने वाली समस्याओं की समीक्षा होगी। योजना को तेजी से आगे बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा संभव है।
झारखंड उठाएगा 6500 करोड़ का मुद्दा
बैठक में झारखंड केंद्र के पास लंबित भुगतान का मामला उठा सकता है। राज्य की ओर से जल जीवन मिशन की स्थिति के साथ करीब 6500 करोड़ रुपये के बकाये का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने की तैयारी है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यों की समस्याओं को समझना और जल योजनाओं को लागू करने में आ रही बाधाओं का समाधान तलाशना होगा।

