सपा MLC लालबिहारी यादव का विवादित बयान, बोले- अखिलेश कुत्ते के गले में घंटी बांध दें तो भी वोट उसी को

Azamgarh News: समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में शिक्षक एमएलसी और 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आयोजित एक बैठक के दौरान सपा एमएलसी लालबिहारी यादव (लाल बहादुर यादव) के विवादित बयान ने राजनीतिक घमासान खड़ा कर दिया है। आजमगढ़ के नेहरू हॉल में आयोजित शिक्षक संगोष्ठी में सांसद धर्मेंद्र यादव और पार्टी के कई विधायकों की मौजूदगी के बीच एमएलसी लालबिहारी यादव ने कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें प्रत्याशी की पहचान देखने की आवश्यकता नहीं है, यदि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव किसी कुत्ते के गले में भी घंटी बांधकर उतार दें, तो उसे भी चुनाव जिताने के लिए वोट देना है।

इस संगोष्ठी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी चर्चा शुरू हो गई है। जहां सपा का एक वर्ग इसे नेतृत्व के प्रति अंधनिष्ठा और सांगठनिक अनुशासन के रूप में देख रहा है, वहीं आम जनता में बयान के शब्द चयन को लेकर बहस छिड़ गई है।

भाजपा का जोरदार हमला

भारतीय जनता पार्टी ने इस टिप्पणी को भुनाते हुए समाजवादी पार्टी पर मतदाताओं और लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि सपा अपने मतदाताओं को बंधुआ मजदूर समझती है और यह मानती है कि वे किसी को भी उम्मीदवार बनाकर लाएंगे और जनता बिना सोचे-समझे वोट दे देगी। भाजपा का दावा है कि आज का मतदाता जागरूक है और अपने हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेता है।

Also Read: ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद आएगा पार्ट 2, नीम करौली बाबा की कहानी होगी आगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.