बिश्केक में पीएम मोदी की ईरान और अर्मेनिया के राष्ट्र प्रमुखों से रणनीतिक वार्ता, भारतीय समुदाय की किया संवाद
Sandesh Wahak Digital Desk: 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन और छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स में शामिल होने किर्गिस्तान पहुँचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिश्केक में बहुआयामी कूटनीतिक बैठकों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें दोनों देशों के आपसी संबंधों की समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
पश्चिम एशिया में जारी सुरक्षा तनाव के बीच भारत और ईरान लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। इससे पहले जून और मार्च के महीनों में भी दोनों नेताओं ने टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय स्थितियों और शांति बहाली के प्रयासों पर चर्चा की थी, जहाँ भारत ने स्थायी शांति के पक्ष में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी।
ईरान के अलावा, पीएम मोदी ने अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनियान से भी मुलाकात की। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस वार्ता में रक्षा, व्यापार, फार्मा, विज्ञान एवं तकनीक, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। पीएम मोदी ने अर्मेनिया के साथ रणनीतिक संबंधों को और गहरा करने की भारत की इच्छा जताई।
भारतीय समुदाय से की भेंट
अपनी यात्रा की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए, जिसका अनावरण उन्होंने वर्ष 2015 में किया था। इसके पश्चात, उन्होंने स्थानीय योग प्रेमियों, शिक्षाविदों, आईटीईसी के पूर्व छात्रों और भारतीय शोधकर्ताओं से भी आत्मीय बातचीत की।
Also Read: Zomato में बड़ी छंटनी, 240 कर्मचारियों की नौकरी गई, हैदराबाद ऑपरेशन बंद

