IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर केंद्र करे हस्तक्षेप, अजय राय ने राज्यपाल को लिखा पत्र
Divya Mittal IAS: आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल जारी है। अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल इस मुद्दे को केंद्र सरकार के सामने उठाएं, ताकि ईमानदार अधिकारियों का सम्मान और मनोबल सुरक्षित रहे।
अजय राय ने कहा कि दिव्या मित्तल को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर राजस्व विभाग में तैनाती दी गई थी। इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि इस्तीफे में कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में 2017 के बाद अब तक 13 आईएएस अधिकारियों के इस्तीफा देने या वीआरएस लेने की बात सामने आई है।
राजनीतिक दबाव पर उठाया सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि जब वरिष्ठ अधिकारी संविधान और नियमों के मुताबिक अपनी क्षमता के अनुसार काम नहीं कर पाएंगे तो छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों पर राजनीतिक दबाव की स्थिति क्या होगी। उन्होंने कहा कि आईएएस अधिकारी किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि संविधान और जनता के लिए काम करते हैं। प्रशासनिक सेवा की निष्पक्षता और सम्मान बनाए रखना लोकतंत्र के लिए जरूरी है।
केंद्र को भेजा जाएगा इस्तीफा
दिव्या मित्तल का इस्तीफा सोमवार को यूपी के नियुक्ति विभाग को प्राप्त हुआ। इसमें इस्तीफे की वजह पारिवारिक और निजी बताई गई है। उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार, त्यागपत्र केंद्र सरकार को भेजा जाएगा और अंतिम फैसला वहीं से होगा।
2013 बैच की यूपी कैडर अधिकारी दिव्या मित्तल को मई में देवरिया के डीएम पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था। इसके बाद से उनके असहज होने की चर्चा थी। उनका इस्तीफा डीओपीटी को भेजे जाने की प्रक्रिया में है। अंतिम निर्णय उच्च स्तर पर होगा और फाइल राष्ट्रपति भवन तक जाएगी।
Also Read: CM चेहरे पर केशव मौर्य की सफाई- ‘योगी जी और मेरे बीच कोई दीवार नहीं’

