लखनऊ में वकीलों के हटे 72 अवैध चैंबर, अब खाली जगह पर बनेगी पार्किंग, निजी संस्था करेगी संचालन

Lucknow News: लखनऊ में जिला अदालत के पास नाले पर बने वकीलों के अवैध चैंबरों पर नगर निगम ने कार्रवाई पूरी कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 30 अगस्त को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। अब तक यहां 72 चैंबर समेत अन्य अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। नगर निगम ने आसपास मौजूद दूसरे अतिक्रमणों को भी चिन्हित किया है और कई जगह लाल रंग से क्रॉस का निशान लगाया गया है।

कार्रवाई के बाद खाली हुई जगह पर अब अस्थायी स्ट्रीट पार्किंग बनाने की तैयारी है। नगर निगम का कहना है कि इसका उद्देश्य दोबारा कब्जा रोकना और इलाके में यातायात व्यवस्था को बेहतर करना है।

निजी संस्था करेगी पार्किंग का संचालन

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि खाली कराई गई जगह पर अस्थायी पार्किंग विकसित की जाएगी। इसका संचालन निजी संस्था के जरिए कराया जाएगा। जिला अदालत और कलेक्ट्रेट के आसपास जाम तथा वाहनों की पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पार्किंग बनने से लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मई में कार्रवाई का हुआ था विरोध

इससे पहले हाईकोर्ट के आदेश के बाद 17 मई 2026 को नगर निगम ने पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में अवैध चैंबर हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। अभियान का वकीलों ने विरोध किया था। इस दौरान एक वकील ने फांसी लगाने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने बचा लिया था। विरोध के दौरान पथराव भी हुआ था। पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक सिपाही और तीन वकील घायल हुए थे।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 30 अगस्त को दोबारा कार्रवाई पूरी की गई।

Also Read: UPSSSC JE भर्ती में देरी से भड़के अभ्यर्थी, डिप्टी सीएम आवास का किया घेराव 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.