‘मछली भोज’ विवाद ने लिया कानूनी मोड़, CM योगी के खिलाफ मानहानि का केस करने कोर्ट पहुंचे अजय राय
Ajay Rai Defamation Case on CM Yogi: अयोध्या के कथित मछली भोज विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। मंगलवार को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का केस करने लखनऊ सिविल कोर्ट पहुंचे। उन्होंने अपने ऊपर अयोध्या में मछली खाने और माफिया से डरने के आरोपों को गलत बताया। अजय राय ने अदालत में याचिका दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू की।
इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री को खुला पत्र भी लिखा था। अजय राय का कहना है कि वह शाकाहारी हैं। जिस कार्यक्रम को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उसमें वह निषाद समाज के निमंत्रण पर शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद समाज के लोगों के लिए भोज हुआ था।
फोटो-वीडियो सामने लाने की दी थी चुनौती
अजय राय ने कहा था कि अगर उनके मछली खाने का कोई प्रमाणित फोटो या वीडियो है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने यहां तक कहा था कि आरोप साबित होने पर वह राजनीति छोड़ देंगे। माफिया से डरने के आरोप पर उन्होंने कहा कि भाई अवधेश राय की हत्या के बाद भी उन्होंने किसी माफिया के सामने सिर नहीं झुकाया और करीब 32 साल तक न्याय के लिए अदालत में लड़ाई लड़ी।
23 अगस्त से शुरू हुआ विवाद
अजय राय 23 अगस्त को कांग्रेस नेताओं अभिषेक दत्त और अखिलेश सिंह के साथ अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ किया था। इसके बाद तारून के कार्यक्रम में कथित मछली भोज को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
24 अगस्त को रायबरेली की जनसभा में सीएम योगी ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोला था। उन्होंने सावन में अयोध्या में मछली खाने और अजय राय पर माफिया के सामने झुकने का आरोप लगाया था। अब मानहानि की कार्रवाई से यूपी की सियासत और गरमाने के आसार हैं।
Also Read: 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का लखनऊ में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री आवास घेरा

