दिल्ली में 2.30 लाख घरों की छत पर मुफ्त लगेंगे सोलर पैनल, सरकार उठाएगी पूरा खर्च
Delhi Solar Policy: दिल्ली की भाजपा सरकार ने सोलर पॉलिसी में बदलाव को मंजूरी देते हुए मुफ्त सोलर पैनल लगाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि नई सौर ऊर्जा नीति के तहत 2.30 लाख घरों की छतों पर बिना किसी शुल्क के सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। यह सुविधा उन परिवारों को मिलेगी, जिनकी मासिक बिजली खपत 400 यूनिट तक है।
सरकार प्रत्येक पात्र घर पर 3 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाएगी। इसकी लागत उपभोक्ता को नहीं देनी होगी। सरकार ही पांच साल तक सिस्टम के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेगी।
केंद्र की सब्सिडी के साथ दिल्ली सरकार देगी अतिरिक्त राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 किलोवाट के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार 78 हजार रुपये की सब्सिडी देती है। दिल्ली सरकार भी इतनी ही राशि खर्च करेगी। सब्सिडी और कुल लागत के बीच जो अंतर बचेगा, उसे भी दिल्ली सरकार वहन करेगी। यानी पात्र परिवारों को सोलर सिस्टम लगवाने के लिए अपनी जेब से पैसा नहीं देना होगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि मौजूदा बिजली सब्सिडी भी इन परिवारों को मिलती रहेगी। उनका लक्ष्य केवल 200 यूनिट मुफ्त बिजली देना नहीं, बल्कि घरों को बिजली उत्पादन का माध्यम बनाना भी है।
अतिरिक्त बिजली से होगी कमाई
सरकार के मुताबिक 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम करीब 300 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है। यदि परिवार 200 यूनिट बिजली इस्तेमाल करने के बाद बची करीब 100 यूनिट बिजली ग्रिड में भेजता है, तो उसे लगभग 950 रुपये तक की कमाई हो सकती है।
Also Read: लखनऊ में राहुल गांधी पर FIR को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

