35 मीटर तक घसीटा, फिर अस्पताल में मौत… हापुड़ में RSS पदाधिकारी की मौत पर बवाल

Hapur News: हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने घर के बाहर खड़े राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सपनावत खंड के सहसंपर्क प्रमुख सतीश कुमार (Satish Kumar) को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और सतीश को करीब 30 से 35 मीटर तक घसीटता ले गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद भागने की कोशिश में ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें चालक कलीम घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।

परिजनों ने रंजिश में हत्या का लगाया आरोप

Satish Kumar के भतीजे मनोज कुमार और परिजनों ने इसे महज सड़क हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि गांव में रात के समय अवैध खनन के ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं।

परिजनों के मुताबिक, ग्रामीणों ने पहले भी इसका विरोध किया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते सतीश को जानबूझकर ट्रैक्टर से कुचलकर मारने का आरोप लगाया गया है। परिवार ने पुलिस-प्रशासन पर खनन माफिया से मिलीभगत का भी गंभीर आरोप लगाया है।

गांव में भारी पुलिसबल तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात किया गया है। दो संप्रदायों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और Satish Kumar के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच कर रही है।

Also Read: पुलिस जांच की गुणवत्ता और अदालती आदेशों की अनदेखी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, डीजीपी ने कोर्ट में दी सफाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.