चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, मंत्रालय में मैसेज पहुंचते ही मचा हड़कंप

Chirag Paswan Threat: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। मंगलवार को उनके मंत्रालय को दो नंबरों से एक संदेश भेजा गया। इसमें चिराग पासवान की जल्द हत्या करने की धमकी दी गई।

मामला सामने आने के बाद उनके अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा। उन्होंने धमकी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने और केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।

Z श्रेणी की सुरक्षा में हैं चिराग

आलोक सिंह ने पत्र में कहा कि धमकी में ‘कट्टर आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है। इससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा होती है। उन्होंने गृह मंत्रालय से यह पता लगाने का अनुरोध किया कि संदेश किसने भेजा और इसकी वास्तविकता क्या है। मूल संदेश की कॉपी भी पत्र के साथ भेजी गई है।

चिराग पासवान को फिलहाल Z श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उनके आगामी दिनों में कई सार्वजनिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ऐसे में उनके सचिव ने जरूरत पड़ने पर सुरक्षा और मजबूत करने की मांग की है।

आतंकी संगठन या किसी और की करतूत?

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी किसी आतंकी संगठन से जुड़ी है या किसी असामाजिक तत्व ने संदेश भेजा है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की गंभीरता और स्रोत की जानकारी जुटा सकती हैं।

Also Read: दिल्ली में 2.30 लाख घरों की छत पर मुफ्त लगेंगे सोलर पैनल, सरकार उठाएगी पूरा खर्च 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.