मिडिल ईस्ट में फिर घमासान, अमेरिकी हमले के बाद ईरान का पलटवार, जॉर्डन से बहरीन तक गूंजे धमाके
US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका ने ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों को निशाना बनाकर सैन्य कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव का सीधा असर हॉर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) पर दिखाई दे रहा है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने मंगलवार को दोपहर 12 बजे ET से ईरान में IRGC के ठिकानों पर हमले शुरू किए। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई हॉर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैन्यकर्मियों को निशाना बनाने की कथित कोशिशों के जवाब में की गई।
Iran ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई और तेहरान ने साफ संकेत दिया कि वह अमेरिकी कार्रवाई का जवाब देगा। ईरानी सरकारी मीडिया ने देश के कई इलाकों में धमाकों की जानकारी दी है।
ईरान के सरकारी प्रसारक के मुताबिक, Strait of Hormuz के उत्तरी हिस्से में स्थित क़ेश्म द्वीप पर धमाकों की आवाज सुनी गई। सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने जास्क और सिरिक में भी धमाकों की जानकारी दी। इसके अलावा दक्षिणी ईरान के जिरोफ्ट में एक नागरिक हवाई अड्डे पर अमेरिकी हमले की खबर भी सरकारी मीडिया ने दी।
IRGC के प्रवक्ता के हवाले से फॉर्स न्यूज एजेंसी ने कहा कि अमेरिका को अपनी नई सैन्य कार्रवाई पर पछताना होगा।
Hormuz Strait पर संकट, तेल की कीमतों में उछाल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य सबसे अहम केंद्र बन गया है। यह वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ईरान की ओर से खाड़ी से तेल के निर्यात को रोकने की बात कहे जाने के बाद बाजार में चिंता बढ़ गई है।
सप्ताहांत में दोनों देशों के बीच गोलीबारी के बाद यह जुलाई के बाद पहली ऐसी बड़ी घटना बताई गई। सोमवार को हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो टैंकरों को भी निशाना बनाया गया था। इसके बाद ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) पहले ही करीब 2 फीसदी चढ़ चुका था और हमलों की खबर आने के बाद इसमें लगभग 2 फीसदी की अतिरिक्त तेजी देखी गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान की नई कार्रवाई के जवाब में और कड़े हमले की चेतावनी दी है। वहीं अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent) ने भी ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने का संकेत दिया है। ऐसे में अमेरिका-ईरान तनाव के और बढ़ने की आशंका के बीच दुनिया की नजरें अब हॉर्मुज स्ट्रेट और वहां से गुजरने वाली तेल आपूर्ति पर टिकी हैं।
Also Read: ग्लेशियर टूटने का वीडियो कैमरे में कैद, नेपाल-चीन सीमा पर ऐसे आई तबाही

