गोरखपुर से हैदराबाद के लिए चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, 2 अक्टूबर से शुरू सेवा

Amrit Bharat Express: गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर-चर्लपल्ली (हैदराबाद) अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है। पूर्वोत्तर रेलवे ने बोर्ड के निर्देश के बाद ट्रेन का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह गोरखपुर से हैदराबाद के लिए पहली नियमित ट्रेन होगी।

2 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा

सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार, ट्रेन नंबर 22075/22076 चर्लपल्ली-गोरखपुर-अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस चर्लपल्ली से 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती से प्रत्येक शुक्रवार चलेगी। गोरखपुर से इसकी वापसी सेवा 4 अक्टूबर से हर रविवार शुरू होगी। फिलहाल रेलवे बोर्ड ने इसे सप्ताह में एक दिन चलाने की मंजूरी दी है। यात्रियों की मांग बढ़ने पर इसके फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।

इन स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव

ट्रेन गोरखपुर, गोंडा, बाराबंकी, गोमतीनगर, लखनऊ सिटी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, उरई और झांसी के अलावा बीना, भोपाल, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंदरपुर, बल्लारशाह और काजीपेट स्टेशनों पर रुकेगी।

22075 चर्लपल्ली-गोरखपुर शुक्रवार रात 9:45 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं 22076 गोरखपुर-चर्लपल्ली रविवार सुबह 8:30 बजे रवाना होकर दूसरे दिन शाम 5 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी।

22 कोच, 1834 यात्रियों की क्षमता

बिना एसी वाली इस अमृत भारत ट्रेन में 22 कोच होंगे और 1834 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किमी प्रति घंटा होगी। इसमें CCTV, टॉक-बैक सिस्टम, वैक्यूम बायो टॉयलेट और आरामदायक सीट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। टॉक-बैक सिस्टम से यात्री आपात स्थिति में लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.