लखनऊ में नाबालिग भाई ने कराई सतीश यादव की हत्या, सोते समय चाकू-सरिया से किया हमला

Lucknow News: लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र में सतीश यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश उसके छोटे भाई ने पारिवारिक संपत्ति के विवाद में रची थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 17 साल 6 महीने के एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। एक अन्य आरोपी बलबीर की तलाश जारी है।

सोते समय चाकू और सरिया से हमला

31 अगस्त की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच सोंतल पुरवा रोड के प्लाटिंग क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी कर रहे सतीश यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। पिता शिव बालक की तहरीर पर महिगवां थाने में मुकदमा संख्या 137/2026, धारा 103(1)/61(2) बीएनएस में केस दर्ज हुआ।

पुलिस ने CDR, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में सामने आया कि सतीश के छोटे भाई ने दीपक रावत, रचित रावत, आनंद कुमार और बलबीर की मदद से हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों ने सोते समय चाकू और लोहे की सरिया से कई वार किए।

88 हजार में तय हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, संपत्ति बेचने से मिले पैसे खर्च करने के बाद सतीश अपने पिता पर दूसरी जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद से नाराज होकर उसके छोटे भाई ने हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक आनंद को कुल 88 हजार रुपये में काम सौंपा गया था और 58 हजार रुपये पहले दिए गए थे।

2 सितंबर को रात 3:15 बजे आनंद और बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया। इसके बाद सुबह 4:50 बजे दीपक रावत और रचित रावत को सिंहपुर पुलिया से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दो बाइक, एक चाकू और तीन लोहे की सरिया बरामद की हैं। मामले में 4/25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ा गया है। DCP उत्तरी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।

Also Read: लखनऊ में एंबुलेंस ड्राइवरों का प्रदर्शन, स्वास्थ्य विभाग की अर्थी पर लगाई डिप्टी CM की तस्वीर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.