प्रयागराज से महाराष्ट्र के 61.50 लाख लूटकांड के 3 आरोपी गिरफ्तार, STF का बड़ा एक्शन
UP News: उत्तर प्रदेश STF ने महाराष्ट्र में हुई 61.50 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित तीन आरोपियों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। STF और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने अनिल सिंह, बीरल पटेल और नरेश गिरि को 2 सितंबर 2026 को सराय इनायत थाना क्षेत्र में भोजानालय के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी दोपहर करीब 1 बजे हुई। तीनों महाराष्ट्र के ठाणे ग्रामीण जिले के शाहापुर थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित थे।
मुंबई-आगरा हाईवे पर 61.50 लाख की लूट का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी और लूट करने वाले एक सक्रिय गिरोह का हिस्सा हैं। इस गिरोह में महाराष्ट्र के कसर थाने का आरोपी राजेश सविता भी शामिल है। आरोप है कि राजेश सविता और उसके साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने 23/24 अगस्त 2026 की रात मुंबई-आगरा हाईवे पर गोविंद की बोलेरो गाड़ी से 61.50 लाख रुपये लूटे थे।
लूट की रकम आरोपियों ने आपस में बांट लेने की बात भी पूछताछ में बताई। इसी वारदात के संबंध में शाहापुर थाने में BNS की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कार, नकदी और मोबाइल बरामद
STF के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 1.05 लाख रुपये नकद, एक आई-10 कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जिस कार को बरामद किया गया है, उसका नंबर GJ18BR5445 बताया गया है।
महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर STF प्रयागराज की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने तीनों को सराय इनायत क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को सराय इनायत कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस के हवाले किया गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस उन्हें प्रयागराज की CJE अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई कर रही है।
Also Read: RRO-ARO पेपर लीक का वांछित आरोपी गिरफ्तार, STF ने दो को दबोचा, अब तक 32 आरोपी हो चुके हैं अरेस्ट

