7.8% नहीं 2.6% है GDP ग्रोथ, झूठे आंकड़े परोस रही मोदी सरकार? पूर्व वित्त सचिव के दावों से मचा सियासी बवाल
Subhash Chandra Garg on GDP Growth: भारत की अर्थव्यवस्था (Indian Economy) की अप्रैल-जून तिमाही यानी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वास्तविक GDP ग्रोथ 7.8% दर्ज हुई है। यह RBI के 7% अनुमान से ज्यादा है। लेकिन पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग (Subhash Chandra Garg) ने इस आंकड़े पर सवाल उठाते हुए करीब 2.6% की ग्रोथ का दावा किया, जिसके बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई।
गर्ग का तर्क है कि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के आंकड़ों में नई GDP सीरीज (New GDP Series) के तहत बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने करंट प्राइस GDP में संशोधन का हवाला देते हुए कहा कि पुराने आधार से तुलना करने पर ग्रोथ आधिकारिक 7.8% से काफी कम बैठती है। कांग्रेस ने भी इसे ‘स्टैटिस्टिकल जिम्नास्टिक्स’ बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
सरकार ने 2.6% की गणना को क्यों गलत बताया?
सरकार और सांख्यिकी मंत्रालय (MoSPI) का कहना है कि 2.6% का आंकड़ा अलग-अलग GDP सीरीज के नंबरों को मिलाकर निकाला गया है। जिस गणना में Q1 FY27 का ₹88.27 लाख करोड़ आंकड़ा लिया गया, उसकी तुलना Q1 FY26 के ₹86.05 लाख करोड़ से की गई। लेकिन ₹86.05 लाख करोड़ पुरानी GDP सीरीज का आंकड़ा है, जबकि ₹88.27 लाख करोड़ नई सीरीज का है।
सरकार के मुताबिक नई सीरीज में Base Year 2011-12 से बदलकर 2022-23 किया गया है। इसके साथ डेटा सोर्स, सेक्टोरल वेट, कवरेज और GDP निकालने की प्रक्रिया में भी बदलाव हुए हैं। इसलिए दोनों सीरीज के आंकड़ों को सीधे जोड़कर ग्रोथ रेट निकालना सांख्यिकीय रूप से उचित नहीं है।
नई सीरीज के हिसाब से 7.8% कैसे आया?
नई GDP सीरीज में Q1 FY27 की Nominal GDP ₹80.00 लाख करोड़ से बढ़कर ₹88.27 लाख करोड़ हुई, यानी करीब 10.3% की वृद्धि।
वहीं Real GDP ₹75.46 लाख करोड़ से बढ़कर ₹81.36 लाख करोड़ हुई। इसी तुलनीय आधार पर 7.8% वास्तविक GDP ग्रोथ निकाली गई है।
MoSPI ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछले साल के आंकड़े में बदलाव किसी तरह से मौजूदा ग्रोथ को कृत्रिम रूप से बढ़ाने के लिए नहीं किया गया। मंत्रालय के अनुसार नई सीरीज में बेहतर डेटा, नए स्रोतों और संशोधित गणना पद्धति को शामिल करने के कारण आंकड़ों में बदलाव हुआ है।
यानी फिलहाल विवाद सिर्फ 7.8% बनाम 2.6% का नहीं है, बल्कि इस बात पर है कि GDP की तुलना पुरानी सीरीज से की जाए या नई सीरीज के तुलनीय आंकड़ों से। आधिकारिक गणना 7.8% है, जबकि 2.6% सुभाष चंद्र गर्ग (Subhash Chandra Garg) की अलग गणना और व्याख्या पर आधारित दावा है।
Also Read: सुभाष चंद्रा को NCLT से बड़ा झटका, 6.25 करोड़ के सेटलमेंट पर रोक, प्रॉपर्टी भी नहीं बेच सकेंगे

