UP के BJP विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का निधन, CM योगी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से BJP विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा (Anil Sharma) का निधन हो गया है। उन्होंने बुधवार दोपहर दिल्ली के बीएल कपूर हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वह 63 वर्ष के थे।

अनिल शर्मा के निधन की खबर सामने आते ही बुलंदशहर में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में भी गम का माहौल है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और वर्ष 2023 से उनका इलाज चल रहा था।

ग्राम प्रधान से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

बुलंदशहर के सुरजावली गांव निवासी Anil Sharma ने अपना राजनीतिक सफर ग्राम प्रधान के तौर पर शुरू किया था। वर्ष 1989 में वह निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए और लगातार दो बार इस पद पर रहे।

इसके बाद वर्ष 2002 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर खुर्जा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2007 में भी वह खुर्जा से विधायक चुने गए।

वर्ष 2012 में उन्होंने शिकारपुर सीट से BSP के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन समाजवादी पार्टी (SP) के मुकेश शर्मा से हार गए। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए। वर्ष 2017 और 2022 में उन्होंने BJP के टिकट पर शिकारपुर से जीत दर्ज की।

इस तरह Anil Sharma कुल चार बार विधायक रहे। पिछली भाजपा सरकार में उन्हें वन राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी मिली थी।

CM Yogi ने जताया गहरा दुख

अनिल शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में उनके निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

सतीश महाना ने कहा कि अनिल शर्मा का निधन प्रदेश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जनसेवा और अपने क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया।

अब UP में छह विधानसभा सीटें खाली

Anil Sharma के निधन के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा में अब छह सीटें रिक्त हो गई हैं। इनमें तीन सीटें समाजवादी पार्टी, दो भाजपा और एक बसपा विधायक के निधन के कारण खाली हुई हैं।

5 अगस्त को बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हुआ था। इससे पहले 23 जुलाई को आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन हुआ था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद अब तक 11 विधायकों की मृत्यु हो चुकी है।

Also Read: राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ बने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.