धोनी-पंत का प्राइवेट पार्टी VIDEO वायरल, ‘हुक्का’ वाले बयान पर मचा बवाल

Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्लिप में दोनों कुछ दोस्तों के साथ एक निजी पार्टी में नजर आ रहे हैं। वीडियो में धोनी की ओर से कथित तौर पर कही गई ‘हुक्का पीके आता हूं’ वाली बात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ‘सन्देश वाहक’ भी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया था।

वायरल क्लिप में ऋषभ पंत कुछ लोगों के साथ सोफे पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। आसपास का माहौल किसी होटल या निजी कमरे जैसा नजर आता है। टेबल पर बीयर के कैन और ड्रिंक्स भी दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में एमएस धोनी बैकग्राउंड में नजर आते हैं। वह किसी के साथ तस्वीर खिंचवाने के बाद वापस आते दिखते हैं और कथित तौर पर पंत से हाथ मिलाते हैं। इसी दौरान वह कहते हुए सुनाई देते हैं, ‘जरा हुक्का पीके आता हूं।’

धोनी का यही कथित बयान सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में है। फैन्स वीडियो को शेयर कर इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

धोनी के हुक्का कनेक्शन की फिर चर्चा

वीडियो वायरल होने के बाद धोनी से जुड़े पुराने हुक्का या शीशा वाले किस्से भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान जॉर्ज बेली पहले धोनी के शीशा पीने की आदत का जिक्र कर चुके हैं।

बेली के मुताबिक, धोनी कभी-कभी अपने कमरे में शीशा रखते थे। उन्होंने यह भी बताया था कि धोनी के कमरे में युवा खिलाड़ियों का आना-जाना रहता था और वह जगह अक्सर बातचीत और समय बिताने का अनौपचारिक ठिकाना बन जाती थी।

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी माइकल हसी भी धोनी के होटल रूम के माहौल को लेकर ऐसी ही बातें बता चुके हैं।

उनके अनुसार, कई बार खिलाड़ियों के लिए धोनी का कमरा टीम लाउंज जैसा बन जाता था।

रांची में भी साथ नजर आए थे पंत-धोनी

पंत और धोनी की बॉन्डिंग पहले भी चर्चा में रही है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले पंत रांची में ट्रेनिंग कर रहे थे।

इस दौरान धोनी भी उनके साथ नजर आए थे। उन्हें पंत को प्रैक्टिस के बाद घर छोड़ते हुए भी देखा गया था।

इसके बाद दोनों इंग्लैंड के खिलाफ भारत के तीसरे वनडे के दौरान लॉर्ड्स में भी साथ नजर आए थे।

श्रीलंका के खिलाफ पंत ने किया शानदार प्रदर्शन

वायरल वीडियो के बीच ऋषभ पंत हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी चर्चा में रहे।

दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने तीन पारियों में 168 रन बनाए और दो अर्धशतक जड़े। गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में पंत ने 66 रन बनाए।

इसी मुकाबले में पंत ने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे किए और ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।

फिलहाल धोनी और पंत का वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता, रिकॉर्डिंग की तारीख और जगह की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Also Read: पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल के बीच बाबर आजम को तेज बुखार, तीसरे टेस्ट पर नजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.