25 शोज तक सिमट गई थी ‘हनुमान अंश’, फिर बदली किस्मत, डायरेक्टर ने बताई पूरी कहानी
Bollywood News: फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
सीमित स्क्रीन्स और कम शोज के साथ रिलीज हुई इस फिल्म की कमाई अब करीब 75 करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
फिल्म के डायरेक्टर और को-प्रोड्यूसर विशाल चतुर्वेदी ने इसके सफर और इंडस्ट्री से मिले सपोर्ट को लेकर खुलकर बात की है।
उनका कहना है कि फिल्म को आगे बढ़ाने में बॉलीवुड से ज्यादा दर्शकों का योगदान रहा।
25 शोज तक सिमट गई थी फिल्म
‘द रौनक पॉडकास्ट’ में विशाल ने बताया कि शुरुआत में फिल्म को देशभर में करीब 250 से 350 शोज मिले थे, लेकिन बाद में इनकी संख्या घटकर करीब 25 रह गई।
बड़े मल्टीप्लेक्स में भी फिल्म के प्राइम लोकेशन वाले शो को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। ऐसे समय में उन्हें फिल्म के फ्लॉप होने की चिंता सताने लगी थी।
विशाल के मुताबिक, इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर एक पोस्ट दिखी, जिसमें लिखा था- ‘अपना काम करो, बाकी की चिंता मुझ पर छोड़ दो।’
उन्होंने बताया कि इस पोस्ट से उन्हें मुश्किल दौर में हिम्मत मिली।
सूरत में बदला माहौल
स्वतंत्रता दिवस से पहले विशाल अपने लीड एक्टर शोभिनव सत्य और म्यूजिक कंपोजर ऋषि पाठक के साथ सूरत पहुंचे। वहां फिल्म का सिर्फ एक शो था।
विशाल के मुताबिक, दर्शकों ने टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया और कई लोग भावुक भी हो गए।

उन्होंने दावा किया कि इस प्रतिक्रिया को देखकर थिएटर मालिक ने दूसरे सिनेमाघरों के संचालकों से संपर्क किया और फिल्म के शोज बढ़ने लगे।
इसके बाद टीम वडोदरा, अलीगढ़ समेत कई शहरों में पहुंची। विशाल के अनुसार, अलीगढ़ में फिल्म का पहला शो महज 15 मिनट में हाउसफुल हो गया।
बॉलीवुड से सपोर्ट नहीं मिलने पर बोले विशाल
विशाल ने कहा कि अच्छे रिस्पॉन्स के बाद इंडस्ट्री के कई लोगों ने उन्हें फोन कर बधाई दी। इनमें फिल्ममेकर मधुर भंडारकर भी शामिल थे।
हालांकि, विशाल का कहना है कि जब उन्होंने इंडस्ट्री के अन्य लोगों से मदद मांगी, तो उन्हें ज्यादा समर्थन नहीं मिला।
उन्होंने बॉलीवुड को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में कई लोग खुद नहीं जानते कि कौन सी फिल्म चलेगी, फिर भी वे दूसरों को सलाह देते हैं।
विशाल ने इंडस्ट्री में फिल्में बनाने वालों और सिर्फ किस्मत आजमाने वालों के बीच अंतर की बात भी कही।
‘टॉक्सिक’ के प्रदर्शन पर भी रखी राय
‘हनुमान अंश’ की रिलीज के करीब तीन सप्ताह बाद यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में आई थी।
विशाल ने कहा कि अलग-अलग बजट की फिल्मों के लिए इंडस्ट्री में जगह होनी चाहिए। उनके मुताबिक, कुछ कहानियां कम बजट में भी बनाई जा सकती हैं और उन्हें सफलता मिल सकती है, जबकि कुछ फिल्मों के लिए बड़े बजट की जरूरत होती है।
उन्होंने यश को शानदार अभिनेता बताते हुए कहा कि किसी भी फिल्म की सफलता के लिए दर्शकों के साथ इमोशनल कनेक्शन बेहद जरूरी है।
फिल्म अपने चौथे सप्ताह में पहुंच चुकी है। मेकर्स के मुताबिक इसकी कमाई करीब 75 करोड़ रुपये है और उन्हें उम्मीद है कि यह फिल्म 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
Also Read: आसिम रियाज क्यों बनते जा रहे ‘बैड बॉय’? रुबीना-हिना को कहा ‘टीवी की आंटियां’

