सिद्धार्थनगर में खाना बनाते समय सिलेंडर में ब्लास्ट, ढहीं घर की दीवारें
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में बुधवार रात खाना बनाते समय सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। घटना मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के टेऊवा ग्रांट गांव के टोला मोहम्मद नगर की है। हादसे के वक्त रसोई गैस पर खाना बनाया जा रहा था। पहले रेगुलेटर में आग लगी, जो देखते ही देखते सिलेंडर तक पहुंच गई। परिवार और ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। खतरा बढ़ने पर सभी लोग घर से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद सिलेंडर फट गया।
रेगुलेटर में लगी आग, बुझाने की कोशिश नाकाम
जानकारी के मुताबिक राम दुलारे पुत्र सुकई के मकान की ऊपरी मंजिल पर उनकी बहू ज्ञानमती देवी भोजन बना रही थीं। अचानक रेगुलेटर में आग लग गई। उन्होंने कपड़े से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें सिलेंडर तक पहुंच गईं। शोर सुनकर ग्रामीण भी पहुंचे। उन्होंने गद्दे और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई।
धमाके से दीवारें ढहीं, गांव में मची अफरा-तफरी
आग विकराल होने पर परिवार और ग्रामीण मकान से नीचे सड़क पर भाग आए। इसके थोड़ी देर बाद सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके से मकान की दीवारें ढह गईं और ईंटें आसपास बिखर गईं। घर का घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। हालांकि परिवार के ज्यादातर लोग समय रहते नीचे आ गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मिश्रौलिया थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि सिलेंडर फटने की सूचना मिली है। घटना में किसी की मौत या जनहानि नहीं हुई है।
तीन दिन पहले कौशांबी में हुआ था बड़ा धमाका
इससे तीन दिन पहले कौशांबी के पिपरी क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी। फैक्ट्री मालिक समेत छह लोगों पर केस दर्ज किया गया और संपत्ति जब्ती की कार्रवाई शुरू हुई। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया था।

