दिल्ली में 11 सितंबर को बंद रहेंगे केंद्र सरकार के कार्यालय, आधिकारिक आदेश जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली में आगामी 11 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार के सभी दफ्तर बंद रहेंगे। केंद्र सरकार की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल वैश्विक सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष, सहयोगी देशों के नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और वैश्विक व्यापार जगत के शीर्ष प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सम्मेलन के विशाल पैमाने, सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक लॉजिस्टिकल इंतजामों को देखते हुए आम जनता को यातायात या अन्य असुविधाओं से बचाने के उद्देश्य से 11 सितंबर (शुक्रवार) को केंद्रीय कार्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को क्रमशः शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दिल्ली में केंद्र सरकार के कार्यालय लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगे।
भारत की अध्यक्षता में मनाया जा रहा ब्रिक्स का 20वां स्थापना वर्ष
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में भारत ब्रिक्स समूह की अध्यक्षता कर रहा है और 1 जनवरी 2026 को चौथी बार यह जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पूर्व भारत 2012, 2016 और 2021 में भी ब्रिक्स सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी कर चुका है। खास बात यह है कि इस वर्ष ब्रिक्स अपनी स्थापना की 20वीं वर्षगांठ मना रहा है। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मुख्य विषय (Theme) लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण रखा गया है।
दिल्ली के 10 लग्जरी होटलों में ठहरेंगे विदेशी प्रतिनिधि
समिट में शामिल होने वाले विदेशी डेलिगेट्स के प्रवास के लिए लुटियंस दिल्ली के 10 प्रमुख होटलों का चयन किया गया है। इनमें ताज पैलेस, आईटीसी मौर्य, ली मेरिडियन, द क्लेरिजेस, अशोक होटल, सम्राट होटल, द लीला, जनपथ होटल, शांगरी-ला और ताज मानसिंह शामिल हैं।
सम्मेलन को भव्य रूप देने के लिए दिल्ली की नगर व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर को चमकाया जा रहा है। प्रमुख मार्गों पर सफाई, हरियाली और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। इस योजना के तहत 41 मुख्य सड़कों को 14 सर्किलों में विभाजित कर सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। इसके साथ ही 23 फूलों वाले आकर्षक फव्वारे, 15 फ्लावर बोर्ड्स और 17 गोलचक्करों को विशेष लाइटों से सजाया जा रहा है।
Also Read: सिद्धार्थनगर में खाना बनाते समय सिलेंडर में ब्लास्ट, ढहीं घर की दीवारें

