7वीं की छात्रा से दरिंदगी, कार से किया अपहरण, गैंगरेप के बाद बोले – ‘तू मेरी 21वीं शिकार…’

Aurangabad Minor Girl Gang Rape: बिहार के औरंगाबाद में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। आरोप है कि अस्पताल जा रही छात्रा को कार सवार तीन युवकों ने रास्ते में जबरन गाड़ी में बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ यौन हिंसा की।

पीड़िता सोमवार को अपने माता-पिता के साथ कुटुंबा थाने पहुंची और तीनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

अस्पताल जाते समय कार में खींच लिया

पीड़िता के पिता मजदूरी करने गए थे, जबकि मां अपने बीमार छोटे बेटे को लेकर कुटुंबा अस्पताल में थी। छात्रा भी इलाज के लिए अकेले पैदल अस्पताल जा रही थी। गांव से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर पीछे से एक कार आई, जिसमें तीन युवक सवार थे।

आरोपियों ने उससे पूछा कि वह कहां जा रही है। छात्रा ने अस्पताल जाने की बात बताई। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और शोर न मचा सके, इसलिए उसका मुंह दबाया। उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। छात्रा लगातार खुद को छोड़ने की गुहार लगाती रही।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी उसे अंबा बाजार से NH-139 होते हुए शंकरपुर आरओबी के पास धावा गांव जाने वाले रास्ते पर ले गए। इसी सुनसान रास्ते पर उसके साथ गैंगरेप (Minor Girl Gang Rape) और मारपीट का आरोप है।

‘तू मेरी 21वीं शिकार है…’ ऑडियो से मचा हड़कंप

मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू एक ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जिसे पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को सौंपा है। परिवार का दावा है कि यह ऑडियो उसी दौरान छात्रा के मोबाइल से रिकॉर्ड हुआ था। रिकॉर्डिंग में कार के भीतर भोजपुरी गाना बजने की आवाज सुनाई देती है और एक आरोपी के बारे में दावा किया गया है कि वह ‘तू मेरी 21वीं शिकार है’ जैसी बात कह रहा है।

पीड़िता के मुताबिक, बाद में उसने आरोपियों को अपनी जान को लेकर बात करते सुना। डर के कारण उसने उनसे अपनी जान बख्शने की गुहार लगाई और कहा कि वे जहां बुलाएंगे, वह वहां आ जाएगी। इसके बाद आरोपी उसे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले छोड़कर फरार हो गए और उसका मोबाइल भी वापस कर दिया।

घर पहुंचकर छात्रा ने सबसे पहले दादा-दादी को फोन किया और फिर परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसे इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो गिरफ्तार, तीसरे की तलाश में SIT

औरंगाबाद एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर मामले की जांच के लिए SIT (Special Investigation Team) गठित की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को उनके गांव से गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे की तलाश में अलग-अलग जगह दबिश दी जा रही है।

पुलिस पीड़िता के बयान, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम (Aurangabad Minor Girl Gang Rape) की जांच कर रही है। पीड़िता चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी है और उसके पिता मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिवार सदमे में है।

Also Read: मदरसा शिक्षक की घिनौनी करतूत, 11 साल के नाबालिग लड़के के साथ 2 साल तक करता रहा यौन शोषण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.