बाइक वालों के लिए गडकरी का बड़ा ऑफर, टैक्सी चलाकर होगी कमाई, DL पर भी नया नियम

Nitin Gadkari: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने निजी बाइक और स्कूटी मालिकों के लिए रोजगार का नया रास्ता सुझाया है। उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे निजी दोपहिया वाहनों को बाइक टैक्सी के तौर पर चलाने की अनुमति दें। गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार इसकी मंजूरी दे चुकी है, लेकिन परिवहन राज्यों का विषय होने के कारण कुछ राज्यों में इसे अब तक लागू नहीं किया गया है।

8 करोड़ लोगों को मिल सकता है रोजगार

गडकरी के मुताबिक बाइक टैक्सी सेवा शुरू होने से खासकर ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे करीब 8 करोड़ लोगों को आजीविका का साधन मिल सकता है। उन्होंने राज्यों से इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में कदम उठाने को कहा।

बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस होगा रद्द

सड़क सुरक्षा को लेकर गडकरी ने मोटर वाहन अधिनियम में बदलाव की योजना भी बताई। इसके तहत बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों के लिए नेगेटिव पॉइंट सिस्टम तैयार किया गया है। हर उल्लंघन पर खाते में नेगेटिव पॉइंट जुड़ेंगे। तय सीमा पार होने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है। इसका उद्देश्य चालकों में जिम्मेदारी बढ़ाना और हादसे कम करना है।

ट्रक ड्राइवरों के लिए ‘सुरक्षा’ पायलट प्रोजेक्ट

गडकरी ने हाईवे और खनन परियोजनाओं से जुड़े ड्राइवरों, निर्माण श्रमिकों और जोखिम वाले कर्मचारियों के लिए ‘सुरक्षा’ पायलट कार्यक्रम शुरू किया। महाराष्ट्र में NH-44 के नागपुर-कामठी पैच और चंद्रपुर के खनन क्षेत्र के 150 किमी दायरे में इसकी शुरुआत हुई है। पहले चरण में 10 हजार लोगों की मुफ्त आंख और सामान्य स्वास्थ्य जांच होगी। लक्ष्य आगे 10 लाख चालकों और श्रमिकों तक पहुंचने का है।

गडकरी ने कहा कि चालकों की बेहतर सेहत, खासकर उनकी आंखों की रोशनी, सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.