लखनऊ की नकली दवा जांच पहुंची सहारनपुर, तहखाने से मशीनें और दवा स्ट्रिप्स बरामद
Lucknow News: लखनऊ के अमीनाबाद में सामने आए नकली दवा सप्लाई मामले की जांच अब सहारनपुर तक पहुंच गई है। बुधवार रात मामले में गिरफ्तार सहारनपुर निवासी एजाज से पूछताछ के बाद एफएसडीए टीम ने नागल क्षेत्र में कार्रवाई की। ग्राम कोटा स्थित एक मकान के तहखाने में दवाओं की पैकिंग का पूरा सेटअप मिला। यहां से स्ट्रिपिंग मशीन, बैच स्टीरियो, डाई-पंच और प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल बरामद हुआ।
तहखाने से 32.555 किलो डिफकॉर्ट-6 की दवा स्ट्रिप्स, 973 प्रिंटेड कार्टन और रोसुुवास एफ-10 के 472 कार्टन मिले। 41 लुपिन और दो मैक्लिओड्स के कॉरुगेटेड बॉक्स भी बरामद हुए। इसके अलावा 6.950 किलो पीली और 4.900 किलो सफेद गोलियां मिलीं। पूछताछ में विनोद ने तहखाने में दवाओं की पैकिंग होने की जानकारी दी।
लखनऊ में नमूने जांच में फेल
एफएसडीए ने चार दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए और बरामद सामान सील कर दिया। अमीनाबाद मामले में लेवेरा-500 के दो बैच के नमूने सरकारी लैब भेजे गए थे। जांच में इन्हें ‘प्रकृति से असली नहीं’ पाया गया।
रिकॉर्ड में करीब 76,790 स्ट्रिप्स की खरीद के मुकाबले बिक्री और स्टॉक 85,832 स्ट्रिप्स दर्ज मिला। इस अंतर की भी जांच जारी है।
रुड़की की फर्मों की भूमिका की जांच
पूछताछ में रुड़की की प्रिजार्क हेल्थकेयर, रेडिएंट प्रिंटो पैक और वी-ब्रोस लाइफसाइंसेज समेत अन्य ठिकानों का भी जिक्र हुआ है। एफएसडीए उनकी भूमिका जांच रहा है। लखनऊ और सहारनपुर दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज है और जांच जारी है।
Also Read: जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव को दी खुली चुनौती, बोले- हिम्मत है तो बढ़वाएं गन्ने का दाम

