‘सिर फोड़ा, जेल भी नहीं गया, BJP नेताओं का आशीर्वाद’, जंतर-मंतर हिंसा पर बेखौफ होकर बोला हमलावर
Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र-युवा प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इसकी वजह हिंदुत्व एक्टिविस्ट स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) का एक पॉडकास्ट में दिया गया बयान है, जिसमें उसने प्रदर्शनकारी निशु के पिता के सिर पर हमला करने की बात कही।
भारद्वाज ने दावा किया कि हमले में निशु के पिता के सिर पर गंभीर चोट लगी और 60 टांके लगे थे। उसने यह भी कहा कि मामला हत्या के प्रयास की धारा तक पहुंच सकता था, लेकिन इसके बावजूद वह जेल नहीं गया।
‘कपिल मिश्रा का कॉल आया तो छोड़ दिया’
पॉडकास्ट में Swatantra Bhardwaj ने दावा किया कि ‘कपिल मिश्रा का कॉल आ गया तो छोड़ दिया गया।’ उसने कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) और चिराग पासवान (Chiraag Paswan) को अपना भाई बताया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) को ‘बड़ा भाई’ कहा। भारद्वाज ने अपने राजनीतिक संपर्कों और समर्थन का भी जिक्र किया।

जंतर-मंतर पर पुलिस जैसी लाठी लेकर घूमने को लेकर भी उसने दावा किया कि उसके पास दिल्ली पुलिस के जूते और अन्य सामान हैं। उसने कहा कि वह ‘बिना फॉर्म भरे दिल्ली पुलिस बनकर’ चलता है।
सौरभ दास ने पुलिस पर उठाए सवाल
पॉडकास्ट सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास (Saurabh Das) ने दिल्ली पुलिस और BJP पर गंभीर सवाल उठाए। दास का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान घायल निशु के पिता संजय के सिर में गंभीर चोट लगी थी और मामले में हत्या के प्रयास की धारा लगनी चाहिए थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझकर गंभीर धारा नहीं लगाई, जिससे आरोपी (Swatantra Bhardwaj) की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई।
20 जुलाई को जंतर-मंतर पर क्या हुआ था?
20 जुलाई को NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर हजारों छात्रों और युवा संगठनों ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ और लाठीचार्ज समेत बल प्रयोग किया गया।
इसी दौरान सादे कपड़ों में कुछ लोगों के प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलाने के वीडियो सामने आए थे। अब स्वतंत्र भारद्वाज के पॉडकास्ट (Swatantra Bhardwaj Podcast) बयान ने उस पूरे घटनाक्रम को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
Also Read: दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाला मामले में आप नेता सत्येंद्र जैन को मिली जमानत

