7.8% GDP Growth पर मायावती का तंज, ‘धनवान सरकार की गरीब जनता’ कब बदलेगी तस्वीर?
Mayawati on GDP Growth: बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 फीसदी GDP Growth के सरकारी दावे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश की आम जनता महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी से परेशान है और ऐसे में उसके सामने सवाल है कि सरकारी आंकड़ों पर भरोसा करे या जमीनी हकीकत पर।
मायावती ने कहा कि अगर सरकार की ओर से पेश किए गए विकास दर के आंकड़े सही हैं तो यह अच्छी बात है, लेकिन अगर ये सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी हैं तो चिंता की बात है। सरकार को यह बताना चाहिए कि इतनी ऊंची विकास दर का फायदा देश की करोड़ों गरीब और मेहनतकश जनता को कितना मिला है।
‘विकास का असली पैमाना जनता की जिंदगी’
Mayawati ने कहा कि GDP के आंकड़े अपनी जगह हैं, लेकिन विकास की असली कसौटी लोगों की जिंदगी में आने वाला बदलाव है। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आम जनता तक पहुंचे और लोग उसे अपनी जिंदगी में महसूस करें।
उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों मेहनतकश जनता तक विकास का फायदा नहीं पहुंचा तो स्थिति ऐसी बनी रहेगी कि ‘धनवान सरकार की गरीब जनता’ का बोझ लोग ढोते रहें। मायावती के मुताबिक देश का विकास तभी ‘अच्छे दिन’ वाला माना जाएगा, जब बहुजन और मेहनतकश वर्ग गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्त होकर सम्मान के साथ बेहतर जीवन जी सके।
आउटसोर्स कर्मचारियों पर भी यूपी सरकार को घेरा
मायावती (Mayawati) ने उत्तर प्रदेश सरकार के आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने और करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवर देने के फैसले पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को आउटसोर्सिंग के बजाय लोगों को सीधे सरकारी नौकरी देने पर ध्यान देना चाहिए था।
बसपा प्रमुख का कहना है कि इससे कर्मचारियों को अफसरशाही की मनमानी, भ्रष्टाचार और शोषण जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती थी।
Also Read: भतीजे आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी देने से मायावती ने किया इनकार, बोलीं- अभी परिपक्वता की जरूरत

