सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर चला बुलडोजर, 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा ध्वस्त

Saharanpur News: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को लेकर जिला प्रशासन की कार्रवाई तेजी से जारी है। रातभर चली सीलिंग प्रक्रिया के बाद शनिवार सुबह मस्जिद के अवैध हिस्से को गिराने का काम शुरू कर दिया गया। अब तक मस्जिद का 50 प्रतिशत से अधिक ढांचा ध्वस्त किया जा चुका है और दो जेसीबी मशीनों की मदद से बाकी हिस्से को ढहाया जा रहा है। मौके से मलबा हटाने के लिए नगर निगम के आधा दर्जन से अधिक डंपर तैनात किए गए हैं। डीआईजी अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कानूनी कार्रवाई अदालत के आदेशों के अनुपालन में निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

निचली अदालत से लेकर जिला जज तक ने मस्जिद को माना था अवैध

कलेक्ट्रेट परिसर की इस जमीन को सरकारी बताते हुए निचली अदालत ने मस्जिद को अवैध ठहराया था। इसके बाद जिला जज की अदालत ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा। कोर्ट के रुख के बाद जिला प्रशासन ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास 10 से अधिक थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

एडीएम और एसपी सिटी समेत तमाम बड़े अफसर मौके पर तैनात

ध्वस्तीकरण के दौरान कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बेहद सख्त रखी गई है। एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ द्वितीय मनोज यादव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार पुलिस गश्त और कड़े सुरक्षा घेरे के चलते पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जैसा माहौल है।

सांसद इमरान मसूद और सपा नेताओं ने की शांति बनाए रखने की अपील

सहारनपुर में कलेक्ट्रेट की मस्जिद ढहाए जाने की खबर के बाद शहर में लगातार चर्चाओं का बाजार गर्म है। संवेदनशीलता को देखते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से संयम बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की भावुक अपील की है। पुलिस प्रशासन भी सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर अफवाहों को रोकने के लिए सतर्क है।

Also Read: केरल के त्रिशूर में सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकराई कार, इंजीनियरिंग के 8 छात्रों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.