Moradabad News: सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने पर सपा नेता हाजी उस्मान पर मुकदमा दर्ज

Moradabad News: जिले के बिलारी से समाजवादी पार्टी के विधायक मोहम्मद फहीम के चाचा और पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान का सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना के प्रकाश में आने के बाद हिंदू संगठनों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। हाजी उस्मान पर आरोप है कि उन्होंने परिसर के मुख्य रास्ते में अपनी गाड़ी खड़ी कर दी और दरी बिछाकर नमाज पढ़ी, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

लोक निर्माण विभाग ने दर्ज कराई FIR

बताया जा रहा है कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव गुरुवार को एमएलसी चुनाव के सिलसिले में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने सर्किट हाउस आए थे। उनके जाने के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस प्रभारी व अवर अभियंता अनित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मझोला थाना पुलिस ने सपा नेता हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 292 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विश्व हिंदू परिषद का हमला

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के केंद्रीय प्रबंधन समिति सदस्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सपा नेता अपने वोट बैंक को साधने के लिए सरकारी परिसरों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने मामला दर्ज कर स्थिति पर नजर बनाई हुई है और विधिक कार्रवाई जारी है।

Also Read: शिक्षक दिवस पर पीएम मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से की बात, दी शुभकामनाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.